रायपुर
रायपुर, 22 अगस्त। अमलीडीह इलाके में बीएसयुपी कालोनी में पुरानी रंजिश को लेकर शादी समारोह के दौरान युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को न्यायिक मजिस्ट्रेट अब्दुल जाहिद कुरैशी की कोर्ट ने पांच वर्ष का कठोर कारावास और हजार रूपए अर्थदण्ड की सजा दी है। घटना 23 अगस्त 2022 की है। अभियोजन पक्ष से मनोज वर्मा ने बताया कि 23 अगस्त 2022 को रात करीब 9 बजे बी.एस.यू.पी. कालोनी अमलीडीह रायपुर में आरोपी राहुल बोये उर्फ जंगली द्वारा प्रार्थी किशन क्षत्री की हत्या करने के आशय से उसे धारदार चाकू से सीने में मारकर हत्या का प्रयत्न किया गया। घटना की सूचना पर राजेंद्र नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 307 भारतीय दण्ड संहिता का अपराध दर्ज किया। किशन क्षत्री अपनी नानी अनादी बघेल के घर बी.एस.यू.पी. कालोनी अमलीडीह गया था तब रात करीब 9 बजे आरोपी राहुल बोये आया और पुरानी रंजिश को लेकर वाद-विवाद करने लगा आरोपी ने प्रार्थी को जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे चाकू से बांये पसली पर मारकर चोट पहुंचाया । पुलिस किशन क्षत्री की रिपोर्ट पर आरोपी राहुल बोये उर्फ जंगली से पूछताछ कर उसके पास से चाकू जब्त कर गिरफ्तार कर जेल निरूद्ध किया गया। जिसे न्यायिक मजिस्ट्रेट अब्दुल जाहिर कुरैशी के कोर्ट में पेश किया गया। जहां पर साक्ष्य और गवाहों के आधार पर दोषी पाया गया। कोर्ट ने राहुल बोया उर्फ जंगली को पांच वर्ष की कठोर कारावास और हजार रूपए का दंण्ड आरोपित किया है।