रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 अगस्त। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गुरूवार सुबह साढ़े 6 बजे पहले मेकाहारा और फिर जिला अस्पताल पंडरी के औचक निरीक्षण करने निकले। शिकायतों में डॉक्टरों और अन्य स्टाफ के समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने और सफाई व्यवस्था की कमी की बात सामने आई थी। जायसवाल सबसे पहले मेकाहारा पहुंचे। जहां जूनियर डॉक्टर के अलावा कोई भी सीनियर नहीं मिला। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। सफाई में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने कॉल मी सर्विस सफाई कंपनी को नोटिस जारी करने का निर्देश दिए ।
इसके बाद मंत्री डीकेएस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, जिला अस्पताल पंडरी, और प्रसव हॉस्पिटल काली बाड़ी का भी निरीक्षण करने निकले।इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में सफाई, सुरक्षा और मरीजों की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जायसवाल ने सफाई, सुरक्षा, किचन- खाना, ड्यूटी टाइमिंग को लेकर जानकारी ली। वहीं हॉस्टल में सुविधा बढ़ाने के अधिकारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने अस्पतालों के संबंधित अधिकारियों को अपने बंगले पर बैठक के लिए बुलाया है। इस बैठक में मेकाहारा के अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज के डीन, हॉस्टल अधीक्षक, पीडब्लूडी के अधिकारी, और अन्य संबंधित अधिकारी शामिल होंगे।
