रायपुर

मंत्री ने किए तबादले, रूकवाने अफसरों से सिफारिश करवा रहे प्रभावित
21-Aug-2024 7:23 PM
मंत्री ने किए तबादले, रूकवाने अफसरों से सिफारिश करवा रहे प्रभावित

वित्त विभाग के 46 लोग नई जगह ज्वाइनिंग नहीं कर रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 अगस्त। वित्त मंत्री ओपी चौधरी के आदेश का अधिकारी अंगूठा दिखा रहे हैं। चौधरी की अनुमति से विभाग ने राज्य वित्त सेवा के 46 से अधिक अधिकारियों के तबादले किए थे। इनमे अपर-संयुक्त और उप संचालक से लेकर लेखाधिकारी शामिल थे। जीएडी के सभी विभागों को हाल में जारी निर्देशानुसार इन सभी को 3-5 दिन के भीतर नई जगह ज्वाइनिंग देनी थी। लेकिन सभी रद्द कराने के जुगत में लगकर रिलीव नहीं हो रहे।

राज्य के वित्त सेवा के ये अधिकारी  वित्त विभाग से पृथक अनेक मलाईदार विभागों में वित्त लेखा कार्य देखने के नाम पर पदस्थ किए गए हैं। जिनमें अनेक कांग्रेस शासन काल से पदस्थ हैं। 

 वित्त मंत्री चौधरी ने ऐसे वित्त सेवा के अधिकारियों को वापस मूल विभाग में लाने का आदेश जारी किया।इस आदेश से बचने के लिए केंद्रीय कारागार रायपुर, लोक निर्माण विभाग, संस्कृति विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खनिज विभाग,सिंचाई विभाग जैसे विभिन्न बड़े मलाईदार विभागों के वित्त सेवा के अधिकारी कुछ ना कुछ बहाना बनाकर ट्रांसफर को रोकने रूकवाने की जुगत में है। जिस विभाग में पदस्थ हैं उस विभाग के उच्च अधिकारियों से स्थानांतरण निरस्त करने हेतु निर्देशित करने का पत्र भेज कर वित्त मंत्री के आदेश को अंगूठा दिखा रहे हैं। इनमें से कुछ अधिकारी सेवानिवृत्ति निकट होने का बहाना बना रहे हैं जबकि वास्तविकता यह है की सेवानिवृत्ति के समय पेंशन आदि प्रकरणों के निराकरण के लिए अपने मूल विभाग में पदस्थ होना चाहिए।


अन्य पोस्ट