रायपुर
रायपुर, 18 अगस्त। पुलिस ने न्यू राजेन्द्र नगर इलाके के दो हिस्ट्रीशीटर चैतन्य उर्फ चिन्टू वर्मा और संजू निहाल को गिरफ्तार कर जुलूस भी निकाला। रास्ते भर दोनों कान पकडक़र पुलिस को बाप,अपराध को और इंस्टाग्राम वायरल करना पाप है के नारे लगाते रहे। न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने आर.डी.ए. बिल्डिंग के पीछे चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित करते हिस्ट्रीशीटर चैतन्य उर्फ चिन्टू वर्मा 21 वर्ष निवासी गुरूमुख सिंह नगर को गिरफ्तार किया ।उसके विरूद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों के आधा दर्जन से अधिक अपराधों में वह जेल जा चुका है। इसी इलाके के मेडीशाईन अस्पताल की ओर जाने वाली रोड के मध्य अमलीडीह पास आरोपी संजू निहाल 30 वर्ष दुर्गा नगर गली नंबर-3 अशोका मिलेनियम के पीछे को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध रूप से रखे 30 पौवा देशी शराब कीमत 2700/- रूपये जप्त किया।
वह हत्या का प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, नारकोटिक एक्ट सहित अन्य मामलों के एक दर्जन से अधिक अपराधों में जेल निरूद्ध रह चुका है। दोनों के विरूद्ध धारा 25,27आर्म्स एक्ट और 34(2) आबकारी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया। दोनों को रिमांड पर भेजा।