रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अगस्त। कोलकाता में जूनियर डॉक्टर से रेप और हत्या के विरोध में छत्तीसगढ़ में भी जूनियर डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन जारी है। शनिवार को रायपुर एम्स समेत सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों ने ओपीडी बंद कर विरोध जताया। एम्स में पंजीयन के बाद इलाज नहीं हो रहा है। सैकड़ों किलोमीटर दूर से आए मरीज़ और परिजन परेशान हैं।
जूनियर डॉक्टर्स की मांग है कि केंद्र सरकार को जल्द ही डॉक्टर की सुरक्षा के लिए केंद्रीय प्रोटेक्शन कानून बनाना चाहिए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला डॉक्टर भी शामिल रहीं।
इससे पहले शुक्रवार शाम चिकित्सा छात्र संगठनों एवं सामाजिक संगठनों ने मेडिकल कॉलेज परिसर से तेलीबांधा चौपाटी तक कैंडल मार्च निकाला। शहर के सभी वरिष्ठ चिकित्सक, जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के सभी साथियों सहित संबंधित डॉक्टर एवं पैरामेडिकल संगठनों ने इसमें बढ़-चढक़र हिस्सेदारी निभाई। कोलकाता मेडिकल कॉलेज की जूनियर डॉक्टर हत्याकांड के दोषियों को तुरंत दंड दिलाने एवं केंद्रीय सुरक्षा कानून की मांग को लेकर आंदोलन की राह पर हैं। रैली शुरू होने के पूर्व जिला प्रशासन के प्रतिनिधि को राज्यपाल के माध्यम से प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को संबोधित करते हुए अस्पताल परिसरों में कर्तव्य रत डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सुरक्षआ देने की मांग की।