रायपुर
ईओडब्ल्यू-एसीबी की कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर/भिलाई, 16 अगस्त। एसीबी ईओडब्लू की भारी भरकम डेढ़ दर्जन टीमों ने छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड के सुबह से 21 ठिकानों को घेरा है। ये छापे डीएमएफ घोटाले को लेकर मारे जाने की जानकारी दी गई है।
ये ठिकाने जेल याफ्ता आईएएस रानू साहू, समीर विश्नोई और सौम्या चौरसिया के बताए गए हैं । इनमे एक नेहरू नगर ईस्ट निवासी होटल कारोबारी अनिल कुमार पाठक से ठिकाने शामिल हैं। इसे सौम्या चौरसिया , और राजधानी के एक पूर्व कलेक्टर का दोस्त बताया जा रहा है। इसके जरिए प्रशासनिक अधिकारियों के पैसे जमीन में निवेश किए गए हैं।
कोरबा के टीपी नगर स्थित आशीर्वाद पॉइंट के पास ठेकेदार एमएस पटेल के घर पर भी छापेमारी की है। यहां तडक़े 2 गाडिय़ों में 10 सदस्य पहुंचे। टीम दस्तावेजों की खोजबीन कर रही है।
निलंबित आईएएस विश्नोई के रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित सरकारी आवास समेत उनकी पत्नी प्रीति गोदारा के गायत्री नगर स्थित मकान नंबर ष्ठ-42 में टीमें पहुंची है। इसके अलावा समीर विश्नोई का केयर टेकर शैलेंद्र शर्मा के गायत्री नगर स्थित मकानों पर कार्यवाही जारी है। उधर एसीबी की एक अन्य टीम डीएसपी राहुल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान के अनूपगढ़ के व्यापारी गौरव गोदारा के घर भी पहुंची है। जानकारी मिल रही है कि गौरव गोदारा समीर के साले हैं।
नेहरू नगर ईस्ट निवासी होटल व्यवसाय अनिल कुमार पाठक के घर एवं होटल न्यू हैप्पी आवर्स नेहरू नगर में एसीबी ईओडब्ल्यू की टीम चार वाहनों में पहुंची। टीम द्वारा पहुंचते ही घर एवं होटल दोनों में ही दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इस दौरान होटल व्यवसायी द्वारा मीडिया कर्मी से बदसलूकी का भी प्रयास किया गया है।
आपको बता दें कि इस व्यवसायी को आईएएस, आईपीएस अधिकारियों का करीबी माना जाता है। जानकारी के अनुसार आय से अधिक संपत्ति को लेकर मिली शिकायत के बाद एसीबी और ईओडब्ल्यू के 20 अधिकारियों की टीम आज सुबह अनिल कुमार पाठक के नेहरू नगर ईस्ट स्थित घर और होटल न्यू हैप्पी आवर्स इन में पहुंची। दोनों की जगहों पर टीम दस्तावेजों की छानबीन कर रही है।