रायपुर

स्कूल, शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण के विरोध में फेडरेशन भी कूदा
13-Aug-2024 4:14 PM
स्कूल, शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण  के विरोध में फेडरेशन भी कूदा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 अगस्त।
स्कूल और शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण के विरोध में  कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन भी कूद गया है। सीएम और विभागीय मंत्री विष्णु देव साय की नीति का शिक्षक संगठन पहले ही विरोध कर रहे हैं । दरअसल उन्हें डर है कि पहुंच पैसे के बल पर शहरी स्कूल में हुई पोस्टिंग पर खतरा मंडरा रहा है। इस प्रक्रिया से शिक्षकों को गांव कस्बों में लौटना होगा। हालांकि सरकार ने इस पर केविएट ले लिया है। इसे लेकर वे आंदोलन पर उतर रहे हैं। 

युक्तियुक्तकरण के दोषपूर्ण दिशा-निर्देश के विरुद्ध  छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन से संबद्ध शैक्षिक संगठनों के प्रांताध्यक्ष/महामंत्री 16 अगस्त 24 को दोपहर 2.30 बजे सचिव स्कूल शिक्षा विभाग को मंत्रालय में ज्ञापन देंगे । इसके लिए  14 अगस्त को फेडरेशन के  प्रांतीय कार्यालय में दोपहर 1 बजे से महाबैठक कर परिस्थिति अनुसार निर्णय लेंगे। फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा राजेश चटर्जी, सचिव ओंकार सिंह, प्रांतीय मंत्री प्रचार प्रसार, जी आर चंद्रा प्रांताध्यक्ष  तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ, चंद्रशेखर तिवारी प्रवक्ता ने सभी संगठन के नेताओं को आमंत्रित किया है। 

दूसरी ओर छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष केदार जैन ने कहा है युक्तियुक्तकरण से छत्तीसगढ़ की शिक्षा हो जाएगी बर्बाद, बड़ी संख्या में शिक्षक प्रभावित होंगे। उनका संघ 16 अगस्त को सभी जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करके मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेगा। उन्होने मांग की है कि सभी पदोन्नति के बाद, सेटअप अनुसार युक्तियुक्तकरण का किया जाए।

2 अगस्त के आदेश को देखें तो इसमें ना ही सेटअप का पालन किया गया है और ना ही नई शिक्षा नीति एवं शिक्षा के अधिकार कानून का पालन किया गया। यह सिर्फ स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के दिखावा करने के लिए पूरी तरह मनमानी ढंग से बनाया गया है। 

शालाओं में लागू सेटअप के अनुसार समायोजन किया जाए क्योंकि यही नियम और विधान है। प्राथमिक शाला में 60 की दर्ज संख्या में प्रधान पाठक सहित दो शिक्षक जबकि कक्षाएं पाच होती है। 

वहीं माध्यमिक शाला में 105 के दर्ज पर प्रधान पाठक सहित चार शिक्षक जबकि यहां विषय आधारित शिक्षण होता है जिसमें 06 विषय होते हैं। वही हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी में भी विषय आधारित शिक्षक होते हैं। कम दर्ज वाले शालाओं का एवं एक ही परिसर में संचालित शालाओं का समायोजन से प्रधान पाठक भी बड़ी संख्या में अतिशेष होंगे। 

छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहला मौका होगा जब प्रधान पाठक को अतिशेष बनाया जा रहा है। राजस्व ग्राम के शालाओं को कम दर्ज संख्या का हवाला देकर बंद किया जाना पूरी तरह से अन्याय है। क्योंकि शिक्षा और स्वास्थ्य की प्राथमिक व्यवस्था प्रत्येक व्यक्ति और ग्राम के लिए किया जाना सरकार का प्राथमिक दायित्व है। 

इससे शिक्षा तो बर्बाद होगा ही, शिक्षक प्रभावित और परेशान होंगे ही उसके साथ ही शिक्षकों के पदोन्नति का अवसर लगभग समाप्त हो जाएगा क्योंकि यह युतियुक्तकरण बड़ी संख्या में पद को समाप्त कर देगा और जो बेरोजगार शिक्षक बनने की राह ताक रहे हैं उनके हाथ भी निराशा ही लगेगा। किसी भी राज्य के शालाओं में पदस्थापना उसके स्वीकृत सेटअप के अनुसार ही होता है। यहां छत्तीसगढ़ के शालाओं का सेटअप अलग कहता है और युतियुक्तकरण में अलग नियम बनाया गया है।
 


अन्य पोस्ट