रायपुर

स्कूल-शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण 20 से शुरू होगा
10-Aug-2024 4:40 PM
स्कूल-शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण 20 से शुरू होगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 अगस्त। युक्तियुक्तकरण पर किसी तरह की न्यायालयीन अड़चन से बचने केविएट लेने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने इसकी   गाइडलाइन जारी कर दी है। 10 पन्ने की गाइडलाइन में युक्तियुक्तकरण के दिशा निर्देश के साथ  समय सीमा भी निर्धारित कर दी गई है। अतिशेष शिक्षकों की पदस्थापना काउंसिलिंग के जरिए की जाएगी। इसके तहत पहले शिक्षक विहीन और एकल शिक्षकीय विद्यालयों में पोस्टिंग होगी। उसके बाद जिन स्कूलों में 10 से ज्यादा छात्रों की संख्या उसमें पोस्टिंग होगी। बाद जारी दिशा निर्देश के मुताबिक पदस्थापना की जायेगी।

20 अगस्त से शालाओं के युक्तियुक्तकरण काम शुरू होगा और 16 सितंबर तक राज्य सरकार की तरफ से युक्तियुक्तकरण शालाओं का आदेश जारी हो जाएगा। उससे पहले शालाओं के युक्तियुक्तकरण के लिए विकासखंड स्तरीय समिति की तरफ से शालाओं का चिन्हांकन 20 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा।

वहीं विकासखंड स्तरीय समिति की तरफ से युक्तियुक्तकत शालाओं की सूची का जिलास्तरीय समिति को प्रेषण 30 अगस्त तक, जिला स्तरीय समिति की तरफ से डीपीआई को युक्तियुक्तकरण शालाओं की सूची 4 सितंबर तक, डीपीआई की तरफ से सूची का परीक्षण कर सरकार को सूची 9 सितंबर तक प्रेषित होगी, वहीं 16 सितंबर को शासन की तरफ से युक्तियुक्तकृत शालाओं को आदेश जारी कर दिया जाएगा।

वहीं शिक्षकों के युक्तियुक्त करण के तहत अतिशेष शिक्षकों का विकासखंड स्तरीय समिति द्वारा चिन्हांकन 4 सितंबर तक होगा, वहीं अतिशेष शिक्षकों व रिक्त पदों की सूची जिलास्तरीय समिति को 10 सितंबर तक भेजे जाएंगे।

 विकासखंड स्तरीय समिति से प्राप्त अतिशेष शिक्षकों का परीक्षण 20 से 25 सितंबर तक पूरा होगा। वहीं जिलास्तरीय समिति की तरफ से पदस्थापना उपरांत प्रेषित अतिरक्त अतिशेष शिक्षकों का जेडी की तरफ से पदस्थापना आदेश 7 अक्टूबर तक जारी होगा। वहीं जेडी के पोस्टिंग आदेश के बाद शेष व्याख्याता का डीपीआई की तरफ से पदस्थापना आदेश जारी किया जाएगा।

शिक्षकों ने निकाली विसंगति

 राज्य शासन द्वारा जारी युक्तियुक्तकरण के आदेश में भारी विसंगति व्याप्त है जिसका विरोध भी किया  है। 60 तक की दर्ज वाले शालाओं में  प्रधापाठक समेत मात्र 2 शिक्षक होंगे।प्रधानपाठक 2 या 3 कक्षा पढ़ाएगा तो बाकी कार्य कैसे होगा। ऑनलाइन,ऑफलाइन डाक, बैठकें, मध्यान भोजन जैसी जिम्मेदारी के बोझ तले दबे प्रधानपाठक से शिक्षकीय कार्य और गुणवत्ता की उम्मीद बेमानी है। 60तक की दर्ज पर प्रधानपाठक और 2 सहायक का प्रावधान होना चाहिए।

इसी तरह से एक परिसर में संचालित प्राथमिक शाला और माध्यमिक शाला का युक्ति युक्त करण होने पर मिडिल एचएम पूरे संस्था का संचालन करेगा तो प्राथमिक प्रधानपाठक का क्या औचित्य रहेगा।प्राथमिक प्रधानपाठक पद की गरिमा समाप्त हो जायेगी। और वो सिर्फ कोल्हू का बैल बन कर रह जायेगाप्रदेश में बहुत सारे प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय एक ही परिसर में संचालित है।इस आदेश के कारण शालाओं में आपसी सहयोग,सामंजस्य प्रभावित होगा।

ऐसे अप्रासंगिक और गलत आदेश का विरोध होना चाहिए।


अन्य पोस्ट