रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अगस्त। राजधानी जिले की कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले हिस्ट्रीशीटर बदमाशों पर जिला बदर (तड़ीपार )की कार्रवाई अभी जारी रहेगी। पिछले पखवाड़े भर में जिला प्रशासन ने आठ बदमाशों को रायपुर ही नहीं आसपास के जिलों में भी न दिखने की हिदायत के साथ बाहर जाने कहा है। और पड़ोसी जिलों की पुलिस को भी इन पर नजर रख दिखाई देने पर कार्रवाई करने मय फोटो पूरा बायोडेटा भेजा है।
मिली जानकारी के अनुसार इनके अलावा 36 और बदमाशों को पुलिस ने जिलाबदर करने की सिफारिश की है। जिस पर सुनवाई चल रही है।
पुलिस ने बताया कि पांच से ज्यादा गंभीर केस वाले तड़ीपार किए जाएंगे। पिछले 15 दिन में एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने चार दर्जन से ज्यादा ऐसे बदमाशों को जिलाबदर करने की सिफारिश की है, जिनके खिलाफ 5 से ज्यादा गंभीर अपराध दर्ज हैं और जो पिछले सात-आठ साल से अपराध में लगातार सक्रिय हैं।
सूत्रों के अनुसार जिला दंडाधिकारी लगभग तीन दर्जन और बदमाशों के खिलाफ जिलाबदर की सिफारिशों पर सुनवाई कर रहे हैं। सभी अनुशंसाएं पुलिस ने कलेक्टर ऑफिस में भेजी हैं। माना जा रहा है कि इनमें से अधिकांश को तड़ीपार करना तय है।