रायपुर
अब यह कृष्ण कुंज नवा रायपुर के सरकारी दफ्तरों के कर्मियों के लिए पार्किंग बन गया है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 अगस्त। कांग्रेस सरकार की कृष्ण कुंज योजना केवल पैसे की बर्बादी साबित हो गई है। 158 नगरीय निकाय इन कृष्ण कुंज के संचालन को लेकर इच्छुक नहीं है। अघोषित रूप से निकायों ने अपने अधीन लेने से मना कर
दिया है।
वर्तमान वन मंत्री केदार कश्यप और पीसीसीएफ श्रीनिवास राव ने इन्हें निकायों को सौंपकर विभाग का पल्ला झाडऩे की योजना बनाई थी। इसे लेकर राव ने सभी डीएफओ को जुलाई में पत्र भेजकर निकायों को सौंपने और उसकी सूचना देने कहा था। पिछली सरकार के वन मंत्री की इस योजना के तहत वर्ष 2022-23 में प्रदेश भर के 158 निकायों में अधिकतम एक हेक्टेयर शासकीय भूमि पर विकसित किए गए थे।इसका उद्देश्य नगरों में वृक्षों या सांस्कृतिक महत्व एवं शहरों में हरित आवरण बढ़ाना बताकर विभागीय मद से राशि खर्च की गई। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने वर्ष 22 में जन्माष्टमी के दिन योजना तेलीबांधा से शुरू की थी।
पौधे खरीदने से लेकर उनके रोपण,सुरक्षा के लिए फेंसिंग और आकर्षक प्रवेश द्वार निर्माण में करोड़ों रूपए खर्च किए गए। 158 में से कितने निकायों में ये कृष्ण कुंज बचे हैं या दम तोड़ गए यह अभी जांच का विषय है। लेकिन नई सरकार के वन विभाग ने अब इनके रखरखाव से हाथ उठा दिया है । और नगरीय निकायों ने भी रूचि नहीं ली है। किसी भी डी एफ ओ ने एक माह बाद भी पालन प्रतिवेदन नहीं भेजा है। जिसमें यह बताया गया हो कि इन निकायों ने कृष्ण कुंज कि जिम्मेदारी ली है।यहां तक की रायपुर,बीरगांव नगर निगम से लेकर जिले के 11 निकायों ने भी इनका आधिपत्य नहीं लिया है। निगम इनके अधिग्रहण से पल्ला झाड रहे हैं। जब राजधानी जिले में यह स्थिति है तो प्रदेश के अन्य जिलों की स्थिति स्पष्ट है।