रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 अगस्त। सीजी पीएससी चयन घोटाले मामले में कल दर्जन भर से अधिक ठिकानों पर छापेमारी के बाद सीबीआई की सभी टीमें माना मुख्यालय लौट आईं है। सूत्रों के अनुसार दस्तावेजी जब्ती को मामले में छापे सफल रहे ।अब चयनित अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी। सीबीआई अफसरों ने कल ही सभी को समन दे दिया है । कल छापे के दौरान पूर्व अध्यक्ष टीएस सोनवानी, अमृत खलको, राजेंद्र शुक्ला और लालजी कौशिक घर पर नहीं थे। शुक्ला बाबा धाम गए हुए थे।
सबसे अधिक समय की छानबीन और पूछताछ भिलाई में राज्यपाल के पूर्व सचिव अमृत पाल खलको के निवास पर हुई। जहां सीबीआई अफसर करीब 10 घंटे रहे। इस दौरान सीबीआई के अफसरों ने आईएएस ढ्ढ्रस् अमृत खलको के बेटे निखिल और नेहा के शैक्षणिक दस्तावेजों, लैपटॉप और मोबाइल समेत घर की छानबीन भी की। यहां तक कि श्रीमती खलको से भी पूछताछ की। उनका बयान दर्ज कर टीम उन्हें अमृत खलको के सीबीआई कार्यालय उपस्थित होने का नोटिस देकर लौटी।
सीबीआई उनसे भी अमृत पूछताछ करेगी। बता दें कि साल 2021 की सीजी पीएससी की परीक्षा में डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयन होने वाले नेहा ने 13वां और निखिल ने 17वां स्थान हासिल किया है।वहीं सेक्टर 2 भिलाई, सडक़ 13 के बीएसपी कर्मी लालजी कौशिक के निवास पर भी सीबीआई की टीम ने छानबीन की। सामान्य पूछताछ के बाद टीम रवाना हो गई।बता दें कि लालजी कौशिक के पुत्र का भी डिप्टी कलेक्टर में चयन हुआ है। उधर बिलासपुर के कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला कल की छापेमारी में तिफरा और यदुनंदन नगर के दोनों ही घरों में नहीं मिले। वे रायपुर आए हुए थे। सीबीआई ने उन्हें भी नोटिस दिया है ।
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई को अब तक की जांच में 18 अभ्यर्थियों के चयन में पीएससी पदाधिकारियों, अफसरों और नेताओं के फेवर किए जाने के स्पष्ट तथ्य मिले हैं। और टीम उसे साबित करने में जुटी हुई है।