रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 अगस्त। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने मकान का नक्शा पास करने और एनओसी देने 18 हजार रुपए रिश्वत लेते सरपंच,सचिव को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार लोकेश कुमार बघेल संतोषी नगर रायपुर का रहने वाला है। उसने एसीबी रायपुर कार्यालय में शिकायत देते हुए बताया था कि ग्राम डोमा तहसील व जिला बिलासपुर में उसकी जमीन है। जिस पर मकान बनाने बैंक लोन के लिए पंचायत से एनओसी वी नक्शा की आवश्यकता थी। इसलिए उसने ग्राम पंचायत डोमा के सचिव धर्मेंद्र कुमार साहू से संपर्क किया। तो पंचायत सचिव धर्मेन्द्र साहू ने को आवेदन व अन्य दस्तावेज कार्यालय में जमा करने कहा साथ ही 18 हजार रुपए रिश्वत की मांग की।
शिकायत के सत्यापन के पश्चात सोमवार को ट्रैप आयोजित कर लोकेश को पंचायत सचिव के पास उसके कार्यालय में भेजा। किंतु धर्मेंद्र ने स्वयं न लेते हुए अपने ही कक्ष में उपस्थित ग्राम डोमा के सरपंच देव सिंह बघेल को रिश्वती रकम 18 हजार रुपए देने को कहा। प्रार्थी ने रुपए सरपंच बघेल को दे दिए। इसके बाद एसीबी की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया आरोपियों के विरुद्ध धारा 7 पीसी एक्ट 1988 के के तहत कार्रवाई की जा रही है।