रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 अगस्त। रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार रात से बारिश हो रही है। 10 घण्टों से हो रही बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। मूसलाधार बारिश से नदी नाले उफान पर है वहीें रायपुर के निचली बस्तियां जलमग्र हो गई है। सडक़ों में भी पानी भर गया। इससे शनिवार सुबह रोजमर्रा के काम पर जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। राजधानी सहित प्रदेशभर में शनिवार को भी बादलों का डेरा रहा।
दोपहर शाम तक रूकरूक कर बारिश होती रही। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घण्टे के लिए जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेल्लापेंड्रा और कोरबा जिले के लिए आरेंज और सरगुजा, बिलासपुर, रायगढ़, रायपुर, बलौदाबाजार महासमुंद और दुर्ग राजनादगांव के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार रात से झमाझम बारिश हो रही है। जिले में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 4-5 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे ज्यादा बारिश बालरामपुर के रघुनाथ नगर में 152.3 मिलीमीटर दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन मेघ गर्जन के साथ वज्रपात का भी यलो अलर्ट जारी किया है।