रायपुर
वीडियो वैन चलाकर होगी रिकॉर्डिंग, कंडम वाहन जब्त होंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 जुलाई। नगर निगम सभी जोन में किसी भी स्थिति में कचरे का जमाव न होने दें। यह पाया जा रहा है कि कूड़े का देरी से उठाव होने से जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है, इससे संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बना रहेगा। निगम का अमला रिस्पॉंस टाईम में कचरे का उठाव करें।
यह निर्देश कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने समय-सीमा की बैठक में सभी जोन कमिश्नरों को दी। उन्होंने कहा कि कंडम गाडिय़ों के कारण सडक़ों में, गलियों में यातायात बाधित हो रहा है। नगर निगम और पुलिस संयुक्त अभियान चलाकर इन्हें हटाएं और कड़ी कार्रवाई करें।
कलेक्टर ने कहा डीकेएस, मेकाहारा अन्य सार्वजनिक स्थानों जैसे स्कूल-कॉलेजों के बाहर अवैध रूप से ठेलें-खोमचे का कब्जा हुआ है। जिससे इन स्थानों आवाजाही में बाधा और अन्य शिकायतें आ रही है। सडक़ों के किनारे कबाड़ और कंडम गाडिय़ों सहित यातायात बाधित हो रहें है। पुलिस , नगर निगम ऐसे मामलों पर समय-समय पर कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि सभी अनुविभागीय अधिकारी अपने क्षेत्रों में सरकारी जमीन में कब्जा और अतिक्रमण जैसी सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम सडक़ों में वीडियो वैन चलाकर दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण के रिकॉर्डिंग फोटोकॉपी करें और दुकानदार को वीडियो, फोटो सहित नोटिस भेजकर चालानी कार्रवाई करें।
कलेक्टर ने कहा कि धनेली, मंदिर हसौद, व्हीआईपी रोड सहित अन्य स्थानों पर विचरण कर रहे आवारा मवेशी धर-पकड़ करे और संबंधित गौठानों, कांजीहाउस में भेजें। इस संबंध में एनएचए पुलिस और नगर निगम संयुक्त रूप से अभियान चलायें। ध्वनि प्रदूषण के मामलों पर पुलिस विभाग कड़ी कार्रवाई करें और प्रतिवेदन प्रदान करें। पीएचई जल-जीवन मिशन के अपूर्णं कार्य को करते हुए हितग्राहियों के घर तक पेयजल पहुंचाना सुनिश्चित करें। एनआरडीए द्वारा तूता धरना स्थल में आवश्यक इंतजाम किया जाए।