रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 जुलाई। कांग्रेस ने विधानसभा में सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है। इस कड़ी में संभवत: 21 तारीख को नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के निवास पर विधायक दल की बैठक होगी। बैठक में सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा होगी।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस बार सरकार को घेरने लायक काफी मुद्दे हैं। सत्र के पहले दिन ही बलौदाबाजार आगजनी के मसले पर काम रोको प्रस्ताव ला सकती है। इसको लेकर सवाल भी लगाए गए हैं।
बताया गया कि नक्सल मुठभेड़, और मॉब लिचिंग के मसले को भी प्रमुखता से उठाने की तैयारी कर रही है। अभी तक पक्ष-विपक्ष के सदस्यों के कुल 965 तारांकित-अतारांकित सवाल लग चुके हैं। अलग-अलग विषयों को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लाए जाएंगे।
सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों को लेकर पिछले दिनों राजीव भवन में सीनियर नेताओं की बैठक भी हुई थी। बैठक में नेता प्रतिपक्ष डॉ.महंत, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भी थे। 21 तारीख को प्रमुख नेता नेता प्रतिपक्ष के निवास पर जुट सकते हैं। इस मौके पर पार्टी के सभी विधायक भी रहेंगे। बैठक में रोज उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा होगी। सत्र पांच दिनों का है, इसलिए विपक्ष की कोशिश है कि पूरे पांचों दिन चर्चा की जाए। वैसे 24 तारीख को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम है लेकिन प्रश्नकाल निपटने के बाद ही पार्टी के विधायक घेराव में शामिल होंगे।