रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जुलाई। गृह नगर लौटने से पहले शुक्रवार को पीसीसी चीफ दीपक बैज ने राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि राज्य की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था से प्रदेश का हर नागरिक परेशान है। महिलायें, व्यापारी, आम आदमी सभी अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहे है। स्थितियां इतनी भयावह हो चुकी है कि कलेक्टर, एसपी कार्यालय जलाये जा रहे है। सरेआम लोगों की हत्यायें हो रही राज्य के हालात असहनीय हो चुके है।
बैज ने कहा कि 6 माह में राज्य में 300 से अधिक बलात्कार, 80 सामूहिक बलात्कार, 200 से अधिक हत्यायें। चाकूबाजी, लूट, डकैती, चेन स्नेचिंग की अनगिनत घटनायें हो चुकी है। राजधानी में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके है कि थाने में चाकू मार दी जाती है पुलिस असहाय हो गयी है।राज्य में रोज 3 बलात्कार की घटना हो रही, हर दो दिन में एक सामूहिक दुराचार की घटना हो रही है।बैगा जनजाति के पूरे परिवार को जला कर मार डाला गया।
बैज ने कहा गृहमंत्री का गृह जिला तो हत्या, लूट, मानव तस्करी का केन्द्र बन गया है। 6 माह में एक दर्जन से अधिक दुर्दांत हत्या में कवर्धा में हुई है। हर दिन बलात्कार की घटनाये हो रही है। गृहमंत्री अपना गृह जिला नहीं संभाल पा रहे है। हाई कोर्ट ने भी राज्य की कानून व्यवस्था पर दो बार सवाल खड़ा किया है।
बैज के मुताबिक आदिवासी इलाकों में भी महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी हो गयी, पोटाकेबिन में बच्ची की जलकर मौत, अबोध बच्ची मां बनी, नारायणपुर में मासूम बच्चियों से स्कूल में छेडख़ानी। बलात्कार, सामूहिक बलात्कार की घटनायें बढ़ गयी।