रायपुर

मेरे सपनों का खुशहाल छत्तीसगढ़ पर निबंध स्पर्धा,खामियां बतानी होंगी
11-Jul-2024 9:00 PM
मेरे सपनों का खुशहाल छत्तीसगढ़ पर निबंध स्पर्धा,खामियां बतानी होंगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 जुलाई। प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त एवं निजी उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 11- 12वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के बीच विकसित छत्तीसगढ़ मेरे सपनों का खुशहाल छत्तीसगढ़ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस संबंध में संचालक लोक शिक्षण ने प्रदेश के सभी डीईओ को पत्र जारी कर विस्तृत निर्देश जारी किया गया है।

निबंध प्रतियोगिता का आयोजन 18 जुलाई को सबेरे 11 बजे से दोपहर एक बजे तक सम्पन्न कराने को कहा गया है। साथ ही मूल्यांकन कार्य उसी दिन पूर्ण करके विद्यालय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ निबंध का चयन कर चयनित निबंध को डीईओ कार्यालय में इस हेतु नियुक्त नोडल अधिकारी को 19 जुलाई तक भेजने को कहा गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आजादी के अमृतकाल 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने देशवासियों का आह्वान किया है, जिसके अनुक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार 2047 तक प्रदेश को विकसित बनाने वचनबद्ध है। राज्य शासन द्वारा ‘अमृतकाल: छत्तीसगढ़ विजन 2047’ विजन डाक्यूमेंट तैयार करने का दायित्व राज्य नीति आयोग को सौंपा गया है। विजन डाक्यूमेंट हेतु सुझाव आमंत्रण के लिए विभिन्न स्तर पर कार्यवाहियां व प्रयास किये जा रहे है। इसी कड़ी में प्रदेश के युवा पीढ़ी विशेष कर विद्यार्थियों के रचनात्मक विचार व उनके दृष्टिकोण जानना महत्वपूर्ण है।

जारी पत्र में प्रतियोगिता हेतु जिला स्तर पर एक नोडल अधिकारी नामांकित करने का निर्देश दिया गया है, जो जिले कि समस्त शालाओं के सर्वश्रेष्ठ निबंधों का संकलन जिला स्तर पर करेगा। विद्यालयों के श्रेष्ठ निबंधो का जिला स्तर पर मूल्यांकन 22 जुलाई  को किया जाएगा।


अन्य पोस्ट