रायपुर
चुनाव की वजह से नहीं हो पाई बैठकें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 जुलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा चार समितियों की गुरुवार को बैठक में कामकाज की समीक्षा की गई। बैठक में स्पीकर डॉ. रमन सिंह को आश्वस्त किया कि समितियों की अधिक से अधिक बैठकें कर कंडिकाओं का शीघ्र निराकरण कर सदन में अधिक से अधिक प्रतिवेदन पेश किए जाएंगे।
बताया गया कि लोकसभा चुनाव की वजह से विधानसभा समितियों की कोई बैठक नहीं हो पाई थी इस वजह से समिति का काम रूका हुआ था। स्पीकर डॉ. सिंह ने वर्ष 2024-25 के लिए गठित वित्तीय समितियों लोक लेखा समिति, प्राक्कलन समिति, सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति तथा स्थानीय निकाय-पंचायती राज लेखा समिति की संयुक्त बैठक लेकर अब तक कार्रवाई की समीक्षा की।
विधान सभा में 21 समितियां है, इनमें लोक लेखा समिति एवं प्राक्कलन समिति, सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति एवं स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज लेखा समिति सदन की वित्तीय समितियां हैं। वित्तीय कामकाज की संपूर्ण समीक्षा, नियंत्रण एवं यथा आवश्यक सुझाव, अनुशंसा संबंधी कार्य इन समितियों के द्वारा किया जाता है। लोकलेखा समिति विधान सभा की महत्वपूर्ण वित्तीय समिति है। इस समिति का महत्वपूर्ण कार्य शासन पर वित्तीय नियंत्रण रखना होता है।
लोकलेखा समिति का मुख्य कार्य यह देखना होता है कि विधान सभा द्वारा जो बजट पारित किया गया है, उसका खर्च उन्हीं योजनाओं एवं कार्यो में सही तरीके से किया गया है या नहीं। समिति यह भी देखती है कि निरर्थक व्यय या वित्तीय अनियमितता तो नहीं की गई है। संविधान में भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक का प्रावधान किया गया है, जो संघ-राज्य क्षेत्र में शासन द्वारा किए जाने वाले व्यय में होने वाली खामियों के संबंध में अपना प्रतिवेदन सभा पटल पर प्रस्तुत करते हैं।
प्राक्कलन समिति विभागों के प्राक्कलनों पर विचार करती है और विभागीय नीति के अनुरूप खर्च पर नियंत्रण करने तथा बचत के सुझाव देती है। सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति विधान सभा की महत्वपूर्ण वित्तीय समिति है। सरकारी उपक्रमों सबंधी समिति के माध्यम से विधायिका राज्य के सार्वजनिक उपक्रमों के कार्यकलापों पर निगरानी रखती है। स्थानीय निकाय-पंचायती राज लेखा समिति छत्तीसगढ़ विधान सभा की चतुर्थ वित्तीय समिति है। स्थानीय निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के द्वारा जो कार्य संपादित किए जाते है ।
इस अवसर पर लोक लेखा समिति के सभापति डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि संसदीय समिति में वित्तीय समितियों की अहम भूमिका होती है। समितियां सभा का लघु स्वरूप होती हैं एवं यह समितियां अपने कार्यो के माध्यम से ससदीय प्रजातंत्र के मूल तत्व कार्यपालिका की विधायिका के प्रति जबाबदेही को सुनिश्चित करेगी।
प्राक्कलन समिति के सभापति अजय चन्द्राकर ने कहा कि, विभागों की कार्य पद्धतियों का परीक्षण कर विभागों की कार्य प्रणाली में किस प्रकार से सुधार किया जा सकता है । इस विषय पर समिति अपना ध्यान केन्द्रित करेगी।
स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज लेखा समिति के सभापति धरमलाल कौशिक ने कहा कि- प्रदेश के स्थानीय निकाय एवं पंचायतों के वित्तीय कामकाज की संपूर्ण समीक्षा, नियंत्रण एवं यथा आवश्यक सुझाव, अनुशंसा संबंधी कार्य इस समिति के द्वारा किया जाता है ।
इस अवसर पर सदस्य धर्मजीत सिंह, कुंवर सिंह निषाद, अनुज शर्मा, नीलकंठ नेताम, प्रधान महालेखाकार, यशवंत कुमार औरं सचिव, वित्त विभाग, श्रीमती शारदा वर्मा एवं संचालक, राज्य संपरीक्षा सुश्री पुष्पा साहू ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सदस्य राजेश मूणत ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।