रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जुलाई। राजीव भवन में कांग्रेस दिग्गजों की बैठक में बुधवार को प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, और संगठन की गतिविधियों पर मंत्रणा की गई। यह भी कहा गया कि मनभेद, और मतभेद दूर रखकर काम करेंगे तभी निकाय चुनाव में सफलता मिलेगी। बैठक में निष्क्रिय पदाधिकारियों को बदलने पर भी सहमति जताई गई।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के साथ ही बैठक में पूर्व सीएम भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू, धनेन्द्र साहू, रविन्द्र चौबे, अमरजीत भगत, जयसिंह अग्रवाल, मोहन मरकाम, अरूण वोरा, अमितेश शुक्ल और अन्य नेता शामिल हुए।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई। तकरीबन इस बात पर सहमत थे कि कई जगह जिला अध्यक्ष, ब्लाक और प्रदेश के पदाधिकारी सक्रिय नहीं है। बड़े पद वाले कई नेता पार्टी की गतिविधियों में रूचि नहीं ले रहे हैं। यही हाल, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस में भी है। सभी नेताओं ने निष्क्रिय पदाधिकारियों को बदलने पर सहमति जताई।
सूत्रों के मुताबिक आने वाले समय में सरकार के खिलाफ मिलजुलकर काम करने, और एकजुटता पर जोर दिया गया। पार्टी नेताओं का मत था कि चुनाव में सफलता तभी मिल पाएगी जब मतभेद और मनभेद दूर कर काम करेंगे। बैठक में नगरीय निकाय चुनाव के लिए एकजुटता के साथ काम कर पर जोर दिया गया।