रायपुर

पंचायत सचिवों के शासकीयकरण के संबंध में बनेगी कमेटी-साय
08-Jul-2024 3:51 PM
पंचायत सचिवों के शासकीयकरण के संबंध में बनेगी कमेटी-साय

मुख्यमंत्री ने पंचायत सचिवों से और भी अच्छा कार्य करने कहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 जुलाई। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने आज राजधानी  के इंडोर स्टेडियम में  प्रदेश पंचायत सचिव संघ छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पंचायत सचिवों के हितों का पूरा ध्यान रखती है। सरकार बनते ही पंचायत सचिवों की अपेक्षाओं को पूरा किया गया।

मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश पंचायत सचिव संघ द्वारा शासकीयकरण की मांग को पूरा किया जाएगा और इसके लिए कमेटी का गठन किया जाएगा।यह  मांग मोदी की गारंटी में शामिल है। और समिति की रिपोर्ट जितनी जल्दी आएगी, उतनी ही जल्दी सचिवों का काम सफल होगा। मुख्यमंत्री की घोषणा पर संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार गजमाला से किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने स्वयं भी 5 साल पंच और निर्विरोध सरपंच रहकर जनता की सेवा की है।

उन्होंने बताया कि केंद्र या राज्य सरकार की सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पंचायतों के माध्यम से ही होता है। सरपंच और सचिव के हाथों में ग्राम के विकास की चाबी होती है। मुख्यमंत्री ने पंचायत सचिवों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि सभी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सचिवों के माध्यम से ही होता है। उन्होंने सचिवों की प्रशंसा करते हुए उनसे और भी अच्छा कार्य करने का संकल्प लेने की अपील की।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी  पंचायत सचिवों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।  पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री  विजय शर्मा ने कहा कि सरकार बनते ही पंचायत सचिवों के एरियर्स की राशि का भुगतान किया गया और हड़ताल अवधि के 55 दिनों की राशि का भी भुगतान किया गया।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सचिव संघ की मांगों को सरकार ने हमेशा पूरा किया है और ग्राम सचिवों के माध्यम से ही ग्राम की समस्याओं और मांगों को ऊपर तक पहुंचाया जाता है। केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाएं पंचायत सचिवों के माध्यम से ही जमीनी स्तर तक पहुंचती हैं।

सांसद दुर्ग  विजय बघेल ने  कहा कि मुख्यमंत्री सभी की मांगों को संवेदनशीलता से सुनते हैं और पूरा करते हैं।  इस अवसर पर पंचायत सचिव संघ के अध्यक्ष उपेंद्र सिंह पैंकरा और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट