रायपुर

एक एक कर आंदोलन पर उतरने लगे कर्मचारी
07-Jul-2024 7:18 PM
 एक एक कर आंदोलन पर उतरने लगे कर्मचारी

क्रेडा के बाद पटवारियों की हड़ताल कल से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 जुलाई। साय सरकार को छ माह पूरे हो गए हैं। और चुनाव पूर्व के वादे पूरे न होने का इंतजार खत्म करते हुए कर्मचारी संगठन आंदोलन पर उतर आए हैं। इसकी शुरूआत क्रेडा के कर्मचारियों ने कर दी है। वे तूता के धरना स्थल पर वे बे मुद्दत धरने पर बैठ गए हैं। वहीं दूसरी ओर राजस्व पटवारी संघ ने  32 सूत्रीय मांगों को लेकर 8 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दे दी है। वह भी ऐसे समय जब सरकार ने राजस्व संबंधी समस्याओं के निपटारे के लिए पखवाड़े भर के शिविर शुरू कर दिया है ।

 संघ की ओर से मंत्री टंकराम वर्मा के नाम से जारी ज्ञापन में 32 सूत्रीय मांग रखी  है। इनमें ऑनलाइन कार्य के लिए आज तक कम्प्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर, इंटरनेट जैसी सुविधाओं की मांग की गई है, तो दूसरी ओर ऑनलाइन एप भुइंया में नक्शा, बटांकन संशोधन को लेकर आने वाली परेशानियों, जिले स्तर पर सहायक प्रोग्रामरों की पदस्थापना करने की मांग की गई है।

इस संबंध में राजस्व पटवारी संघ के सचिव शिव कुमार साहू ने कहा कि हम अपनी समस्याओं को समय-समय पर सरकार के समक्ष रखते रहे हैं, लेकिन निराकरण का कोई प्रयास नहीं किया गया जिसकी वजह से हड़ताल की चेतावनी देनी पड़ी है।


अन्य पोस्ट