रायपुर

ओपन स्कूल 10-12वीं की द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षाएं अगस्त से
07-Jul-2024 7:17 PM
ओपन स्कूल 10-12वीं की द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षाएं अगस्त से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 जुलाई। छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल 10वीं और 12वीं की द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षाएं अगस्त से होंगी। राज्य ओपन स्कूल ने इसके लिए टाइम टेबल जारी कर दिया है। दसवीं-बारहवीं सीजी बोर्ड की दूसरी परीक्षा जुलाई में होगी। 23 जुलाई से परीक्षा शुरू होगी।

सीजी बोर्ड के तहत दसवीं-बारहवीं में अब पूरक परीक्षा नहीं होगी। हर साल द्वितीय मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी।

राज्य ओपन स्कूल की ये परीक्षा 10 अगस्त से 28 अगस्त तक चलेंगी। 12वीं की परीक्षा 10 अगस्त से शुरू होगी जो कि 28 अगस्त तक चलेगी। वहीं, 10वीं परीक्षा 10 अगस्त को शुरू होगी और 24 अगस्त को अंतिम पेपर होगा। छात्र-छात्राएं ओपन स्कूल की वेबसाइट पर भी जाकर टाइम टेबल डाउनलोड कर सकते हैं।ओपन स्कूल की द्वितीय मुख्य परीक्षा के लिए कुल 32283 विद्यार्थियों ने फार्म जमा किए हैं। 10वीं की परीक्षा के लिए जहां 16762 फार्म मिले हैं। वहीं 12वीं की परीक्षा के लिए 15521 विद्यार्थियों ने फार्म भरा है। ओपन स्कूल की परीक्षा में सामान्य क्रेडिट, आरटीडी और अवसर के परीक्षार्थी शामिल हो सकते हैं।

सभी मुख्य परीक्षाएं सुबह 8.30 बजे से शुरू होंगी। परीक्षा एक ही पाली में होगी। वहीं, प्रायोगिक परीक्षा के संबंध में अध्ययन केंद्रों से जानकारी मिलेगी। 12वीं सैद्धांतिक परीक्षा के दिन हाईस्कूल प्रायोगिक परीक्षा और हाईस्कूल सैद्धांतिक परीक्षा के दिन हायर सेकंडरी प्रायोगिक परीक्षा ली जा सकती है।


अन्य पोस्ट