रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जुलाई। आरटीआई एक्टिविस्ट और कांग्रेस नेता कुणाल शुक्ला को गिरफ्तार करने राजस्थान पुलिस रायपुर पहुंची है। शुक्ला ने पिछले दिनों सोशल मीडिया पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के खिलाफ टिपण्णी पोस्ट की थी। इस पर राजस्थान पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
इस मामले को एफआईआर की कॉपी लेकर राजस्थान पुलिस के तीन अफसर कुणाल शुक्ला के शैलेंद्र नगर निवास पहुंचे हैं। जहां कुणाल से पूछताछ के बाद गिरफ्तारी पर निर्णय लेगी। कुणाल, कांग्रेस शासन काल में रविवि के अधीन गठित कबीर शोध पीठ के अध्यक्ष भी रहे हैं । पुलिस की एफआईआर के मुताबिक कुणाल ने अप्रैल में कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी रहे ओ बिडला के विरूद्ध दुष्प्रचार करते हुए वीडियो पोस्ट किया था। इस पर कोटा शहर भाजपा अध्यक्ष राकेश जैन ने किशोरपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जैन ने इसे डीप फेक वीडियो ठहराते हुए आरोपी पर प्रकरण दर्ज करने कहा था। इस पर पुलिस ने धारा 419, 500, 171 जी, 120 बी, 66 बी और 67 के तहत अपराध दर्ज कर आज रायपुर पहुंची थी। कुणाल से श्री बिडला पर लगाए गए आरोपों को साबित करने कहा है। साथ ही उसे यह आरोप 7 दिन में साबित करना था। लेकिन कुणाल के द्वारा कोई भी कार्रवाई न करने को देखते हुए पुलिस आज रायपुर पहुंची।