रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जून। नाइट वॉक करती महिलाओं के साथ पिछले कई दिनों से छेड़छाड़ करने वाले युवक को पुलिस ने पकड़ा है। इसे पकडऩे कॉलोनी में सीसीटीवी कैमरे लगाने पड़े थे।
वह युवक बाइक से रात में पॉश कालोनी में पहुँचता और महिलाओं, युवतियों के साथ छेड़छाड़ करता। वह खासकर रात में वॉक के लिए निकली महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। पुलिस को लगातार इस तरह के वारदात की शिकायत मिल रही थी। वही बीती रात आरोपी युवक फिर से बाइक पर पहुंचा और महिलाओं से छेड़छाड़ करने लगा। लेकिन इस बार उसकी तस्वीर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
खोजबीन में पता चला कि आरोपी स्थानीय आदित्य हाइट्स में रहने वाला साकेत जैन हैं। इस सूचना के बाद पंडरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फौरन आरोपी को धरदबोचा और थाने लाकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया। वही दूसरी तरफ आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पीडि़त महिलाओं के परिजनों ने आदित्य हाइट्स का घेराव कर दिया। इसकी सूचना पर विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौके पर पहुंचे थे।
दोस्त की पत्नी ने गर्दन में नोंच चोटिल किया
फैमिली कोर्ट परिसर में एक महिला ने युवक की गर्दन पकडक़र नोंच दिया। महिला युवक के दोस्त की पूर्व पत्नी है। उसने पहले अपने पूर्व पति को बातचीत करने से टोका, फिर वो मारपीट करने लगी। इस दौरान उसने अपने पति से भी गाली-गलौज की।
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार एकता नगर टेमरी का रहने वाला सुनील शुक्ला मंगलवार को वो रायपुर कोर्ट में शपथ पत्र बनवाने गया था। इस दौरान फैमिली कोर्ट के पास उसका दोस्त पंकज सिंह मिला। वह उससे बातचीत कर रहा था, तभी पंकज सिंह की पूर्व पत्नी आ गई। उसने पंकज को कहा कि तुम इससे बातचीत क्यों कर रहे हो। फिर वो गाली-गलौज करने लगी।इस दौरान शिखा ने सुनील कुमार का गला पकडक़र नोंच दिया। जिससे वह जख्मी हो गया। महिला ने इस दौरान अपने पूर्व पति और एक अन्य युवक के साथ भी मारपीट की। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।