रायपुर
रायपुर, 19 जून। अम्बेडकर चिकित्सालय के रेडियोलॉजी विभाग ने राज्य में पहली बार नॉन हीलिंग वर्टेब्रल कम्प्रेशन फ्रैक्चर (रीढ़ की हड्डी के फ्रैक्चर) से पीडि़त 79 वर्षीय बुजुर्ग महिला को दर्द से निज़ात दिलाई। मरीज को विगत कई महीनों से दवा के सेवन से भी आराम नहीं मिल रहा था। इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट डॉ. (प्रो.) विवेक पात्रे के नेतृत्व में किये गये इस उपचार प्रक्रिया में सुई की एक छेद के जरिये बोन फिलिंग बैलून कंटेनर सिस्टम के माध्यम से रीढ़ के हड्डी के अंदर छिद्रयुक्त बैलून में नीडिल की सहायता से बोन सीमेंट इंजेक्ट कर वर्टेब्रल कम्प्रेशन से राहत दी गई। यह राज्य का पहला वेसलप्लास्टी है जिसमें पिन होल तकनीक से बीमारी का उपचार किया गया।
केस के सम्बन्ध में डॉ. विवेक पात्रे ने बताया कि वेसलप्लास्टी की सुविधा इससे पहले केवल महानगरों के बड़े अस्पतालों में ही होती थी लेकिन यह पहली बार है जब राज्य के किसी अस्पताल में इस प्रकार की नई तकनीक से वेसलप्लास्टी की गई है। महिला को डी (डॉर्सल)12 वर्टेब्रल फ्रेैक्चर था जिसके कारण पिछले 9 महीने से असहनीय दर्द के कारण परेशान थी और एक महीने से वह बैठ नहीं पाती थी। सुई की छेद से की गई पूरी प्रक्रिया के बाद महिला आधे घंटे के बाद बैठने में समर्थ हो गई और उसे उसी दिन डिस्चार्ज कर दिया गया।
उपचार करने वाली टीम में डीकेएस हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जन डॉ. मनीष टावरी, एनेस्थेटिस्ट डॉ. प्रतिभा जैन एवं डॉ. वृतिका, रेजिडेंट डॉ. पूजा कोमरे, डॉ. मनोज मंडल, डॉ. प्रसंग श्रीवास्तव, डॉ. घनश्याम वर्मा, डॉ. लीना साहू, डॉ. नवीन कोठारे, डॉ. सौम्या, डॉ. अंबर, रेडियोग्राफर नरेश साहू, जितेंद्र प्रधान, नर्सिंग स्टाफ ऋचा एवं यश शामिल रहे।