रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 जून। स्टील मटेरियल खरीदी के नाम पर प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी धोखाधड़ी सामने आई है। डेढ़ वर्ष के अंतराल में खरीदी कर 10.17 करोड़ रूपए का भुगतान नहीं किया।
तेलीबांधा इलाके के मौलश्री विहार/99 निवासी अनूप अग्रवाल (41) स्वर्ण मंगला इंफ्राबिल्ड प्रालि.का संचालक है। फर्म का आफिस भी मौल श्री विहार/31 में ही है। डेढ़ वर्ष पूर्व 14 जनवरी 23 को सत्या स्टील एंड आयरन के संचालक राजेश शर्मा, अंजू शर्मा ने स्टील मटेरियल खरीदी का डील किया। वह दुर्ग निवासी है। डील के तहत अनुप ने 17 जून 24 तक 15 महीनों में मटेरियल सप्लाई किया । इसकी कुल कीमत 10 करोड़ 17 लाख 797 रूपए हुई। पेमेंट मांगने पर राजेश शर्मा टालता रहा। टीआई ने राजेश, कंपनी में शेयर होल्डर भी बताया है । अनूप ने कल रात तेलीबांधा थाने में उसके खिलाफ धारा 420,409,120 बी के तहत रिपोर्ट दर्ज कराया । जानकार सूत्र यह भी बताते हैं कि लोहे के कारोबार में ऐसा करना आम बात हो गई है। बड़े स्टॉकिस्ट, रोलिंग मिलों से माल क्रेडिट में खरीदते हैं, और भुगतान को टालते रहते हैं। उत्पादक भी माल बिकने की उम्मीद में इस तरह के डील करते हैं। और फिर जब भुगतान नहीं होता, तो मामले पुलिस और कोर्ट में दर्ज कराया जाता है।