रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 जून। शासकीय अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज के दौरान वीडियो या फोटोग्राफी नहीं की जा सकेगा । एसीएस मनोज पिंगुवा ने हाईकोर्ट के हाल के निर्देशों के तहत यह रोक लगाई है। अंबिकापुर के अस्पताल में जमीन पर प्रसव के वीडियो वायरल होने पर कोर्ट ने कड़ी आपत्ति जताई थी। आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा, संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, संचालक, आयुष अधिष्ठाता, समस्त शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय,सभी सीएमएचए, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षकों के यह निर्देश दिया है ।
पिंगुवा ने कहा है कि अंबिकापुर की घटना की विडियोग्राफी नहीं की जानी चाहिए। महिलाओं के वीडियो या किसी भी व्यक्तिगत सामग्री को बिना उनकी अनुमति के वायरल करना न केवल अनैतिक है, बल्कि यह कई कानूनी और सामाजिक समस्याओं को भी जन्म दे सकता है।
वीडियो वायरल होने से उस महिला की सामाजिक प्रतिष्ठा और सम्मान को नुकसान पहुँचता है। इससे उनकी व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है। यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हम सभी की निजता का सम्मान करें और उनके व्यक्तिगत अधिकारों का उल्लंघन न करें। समाज में एक जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने के लिए यह आवश्यक है कि इस प्रकार के कृत्यों से बचें और दूसरों के अधिकारों का सम्मान करें।किसी भी शासकीय चिकित्सालय में उपचार करा रहे व्यक्तियों की शासकीय अथवा गैर शासकीय व्यक्तियों के द्वारा इस प्रकार फोटोग्राफी / विडियोग्राफी नहीं हो जिससे उनकी निजता भंग होती हो। इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करें