रायपुर

बिलासपुर में नया नेतृत्व खड़ा किया हाईकमान ने
09-Jun-2024 8:04 PM
बिलासपुर में नया नेतृत्व खड़ा किया हाईकमान ने

पहली बार में केंद्रीय मंत्री बने तोखन

-श्रीनिवास राव ​

रायपुर, 9 जून। तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे पीएम नरेंद्र मोदी अपने कैबिनेट के गठन में एक बार फिर राजनीतिक विश्लेषकों को चौकाया हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ से सारे चर्चित नामों को दरकिनार कर परिदृश्य से बाहर चल रहे बिलासपुर से पहली बार सांसद चुने गए तोखन साहू को अपने कबीना में शामिल किया है। विशुद्ध रूप से संगठन के व्यक्ति  तोखन को लेकर दो बार विस की टिकट कटने को लेक चुप्पी का इतना बड़ा प्रतिफल मिला है। तोखन, संगठन के जमीनी स्तर के कार्यकर्ता रहे हैं। तोखन को मंत्री बनने से बिलासपुर अंचल में एक नया नेतृत्व खड़ा होगा। अब तक यहां से  अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक के बाद डिप्टी सीएम अरूण साव रहे हैं। शपथ ग्रहण के लिए दिल्ली गए सभी सांसद अपने अपने तरीके से ग्रुप बनाकर हाईकमान तक पहुंच स्थापित करने का प्रयास करते रहे। चर्चा थी कि दो बार के सांसद संतोष पांडे और विजय बघेल को अवसर मिल सकता है, लेकिन मोदी वर्किंग स्टाइल से तोखन का नाम सामने आया। कल रात तक चिंतामणि महाराज का नाम शीर्ष पर था। लेकिन आदिवासी जातिय समीकरण को देखते कंवर जाति से पहले ही विष्णु साय सीएम के रूप में प्रदेश का नेतृत्व कर रहे हैं। और फिर चिंतामणि ऐसा कोई कद्दावर नेता नहीं रहे हैं कि वे अन्य राज्यों में समाज को प्रभावित कर सके। उसके बाद नए चेहरे की तलाश में तोखन बाजी मार ले गए।

बिलासपुर से पहली बार के सांसद  करीब डेढ़ लाख मतों के अंतर से जीते हैं। उन्होंने कांग्रेस के भिलाई से विधायक देवेंद्र यादव को पराजित किया था। तोखन 1994 से राजनीति में है। 2013 में पहली बार लोरमी से  विधायक चुने गए हैं। और 2015 में संसदीय सचिव नियुक्त किए गए थे। 2019 और 2023 में टिकट से वंचित तोखन को पार्टी ने बिलासपुर से लोकसभा चुनाव लड़ाया। तोखन, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं । मोदी 2.0 में रेणुका सिंह की तरह इस बार भी छत्तीसगढ़ से एक ही मंत्री बनाया गया है। पीएमओ से फोन आने के बाद तोखन ने दिल्ली में सीएम विष्णु साय से मुलाकात कर आभार जताया। सबकी निगाहें अब उन्हें मिलने वाले विभाग की होगी। उससे भी उनके कद को कुछ ऊंचाई मिलेगी।


अन्य पोस्ट