रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 जून। राजधानी में चोरी और लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं। बीते दो दिन में आठ लाख के जेवर,बाइक, नगदी और अन्य सामान चोरी, लूट ले गए। इसमें से दो चोरियां आउटर की एक ही कालोनी के दो बंद मकानों में हुई।
विधानसभा - मांढर रोड स्थित स्वास्तिक पार्क सोसायटी के बंद मकान से छह लाख की चोरी हो गई। कृष्ण चंद्र त्रिवेदी(43) का घर शुक्रवार रात 3बजे से शनिवार रात 11 बजे तक बंद था। वे लोग बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अग्यात चोर ताला तोड़ भीतर आलमारी में रखे 6 लाख रूपए के कीमती जेवरात ले भागे। इसी सोसायटी के प्रशांत सिंह (29) के बंद घर में रात 1-2 के बीच घुसे चोर आलमारी में रखे 15 हजार नगद और जेवर कीमत 1.45 लाख ले उड़े। दोनों ने कल शाम विधानसभा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई ।
सड्डू के सफायर ग्रीन कॉलोनी से दो लोगों ने शनिवार को सात नग चेंबर सेफ्टी ग्रिल फ्रेम चुरा लिया। इनकी कीमत 14 हजार रूपए है। सोसायटी के संतोष अजीत ने रूबी लाल कोसले ,फागूलाल सोनवानी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया । शनिवार आधी रात राजातालाब निवासी हुपेश सिन्हा की बाइक बजाज डिस्कवर नंबर सीजी 04 डीएस 5294 मंदिर हसौद रेलवे यार्ड से चोरी कर ली गई। मंदिर हसौद पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।
हाईवा ड्राइवर से लूट
राखी पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात जोरा स्थित धनगुरू कंपनी का ड्राइवर महेश प्रजापति (28)हाइवा नंबर सीजी 04 एनजे 6458 में गिट्टी लोडकर सिहावा ले जा रहा था। रात करीब 11 बजे रोड किनारे हाइवा रोक कर खाना खा रहा था। तभी दो अग्यात बाइक सवार युवक वहां पहुंचे। और सीधे ड्राइविंग केबिन में घुसकर महेश की गर्दन में चाकू टिकाया। जान से मारने की धमकी दे उसकी जेब से पर्स लूट कर भाग गए। पर्स में 10 हजार रूपए थे। सिहावा में गिट्टी छोडक़र लौटने पर महेश ने शनिवार शाम राखी थाने में धारा 394,506 का अपराध दर्ज कराया।