रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 जून। दक्षिण पश्चिम मानसून कुछ और जगह पर आगे बढ़ते हुए मध्य अरब सागर के कुछ और भाग, दक्षिण महाराष्ट्र, तेलंगाना और दक्षिण छत्तीसगढ़ के सुकमा में मानसून ने दस्तक दे दी है, और वह अपनी सामान्य रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।
दक्षिण पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा हरनाई, बारामती, निजामाबाद, सुकमा, मलखानगिरी, विजयनगरम और इस्लामपुर है।
दक्षिण पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर के शेष भाग, महाराष्ट्र के कुछ और भाग और तेलंगाना में अगले दो-तीन दिनों में आगे बढऩे के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है।
एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बिहार के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में कल 10 जून को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है।
प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है।
प्रदेश में अधिकतम तापमान में अगले दो दिनों तक कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, उसके बाद मामूली वृद्धि होने की संभावना है । इस बीच मौसम विभाग ने शाम 7 बजे तक के लिए एक अलर्ट जारी किया है। जिसमें जशपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़, चिरमिरी, भरतपुर, सूरजपुर, सरगुजा में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। वहीं राजधानी में भी शाम चार बजे के बाद मौसम में बदलाव आया है। आंधी के साथ आसमान पर गरज सुनाई देने लगी है। मानसून की रफ्तार को देखते हुए मौसम विभाग का कहना है कि 13 जून तक यहां बारिश अपनी रफ्तार से होगी।