रायपुर

विद्यार्थियों ने सीखे वन और जीव संरक्षण के तरीके
09-Jun-2024 7:24 PM
विद्यार्थियों ने सीखे वन और जीव संरक्षण के तरीके

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 जून। जंगल सफारी, नया रायपुर में गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के राजनीतिक विज्ञान के छात्रों के 15 दिवसीय इंटर्नशिप प्रोग्राम (25 मई - 8 जून) का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को जंगल सफारी के विभिन्न नियोजनात्मक पहलुओं से परिचित कराना और उन्हें वन और वन्यजीव संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक बनाना था।

समापन  में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के पुरुषोत्तम सिंह ठाकूर ने छात्रों को भविष्य की सफल योजनाओं के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने कहा, किसी भी विषयवस्तु को सीखने की जिज्ञासा, चाह और उसके लिये की गई मेहनत ही आपको सफलता की ओर ले जाती है।

इसके लिये आत्मविश्वास और कष्ट जरुरी है, यही आपको आपकी मंजिल तक पहुंचाएगा। जंगल सफारी के संचालक धम्मशील गणवीर ने छात्रों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संवर्धन, वन्यजीव संरक्षण, रिसर्च और कंजर्वेशन के महत्व को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा यह अनुभव छात्रों को पर्यावरण को देखने का नया दृष्टिकोन तो देगा साथ ही वन्यजीव के प्रति सहानुभूति की भावना को भी बढाएगा. इस तरह के इंटर्नशिप, वालंटिअर इत्यादी कार्यक्रम, जंगल सफारी के बेहतर प्रबंधन में भी सहायक होते हैं, जिससे सफारी प्रबंधन और आगंतुकों के बेहतर अनुभव के लिए नई दिशा प्राप्त होती है. साथ ही युवा पीढ़ी को वन संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के महत्व के बारे में जागरूक करने में भी मददगार साबित होते है।

जंगल सफारी के पशु चिकित्सालय के डॉ. राकेश वर्मा ने छात्रों को मार्गदर्शन करते हुए जीवन में अनुशासन के साथ समय की सूचकता के महत्व पर जोर दिया. कार्यक्रम का सूत्रसंचालन चंद्रमणि साहु, बीएफओ, जंगल सफारी द्वारा किया गया।


अन्य पोस्ट