रायपुर

विभागों में घोटाला रोकने वित्त ने तय की कार किराए की दरें
08-Jun-2024 7:08 PM
 विभागों में घोटाला रोकने वित्त ने तय की कार किराए की दरें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 जून। कार, एसयूवी और अन्य लग्जरी वाहन किराये पर लेने की व्यवस्था पर प्रतिबंध है फिर भी किसी विशेष उद्देश्य व निर्धारित अवधि के लिए किराये पर लिया जा सकता है।

 यह देखा जा रहा है कि विभिन्न विभागों एवं उनके अधीनस्थ कार्यालयों/ निगम/मंडल/अनुदान प्राप्त संस्थाएं  किराये का वाहन उपयोग में लिया जा रहा है और  किराया दरों में एकरूपता नहीं है। वित्त विभाग ने इन दरों को तय कर दिया है।  अधिक दर की स्थिति में वित्त विभाग की सहमति  अनिवार्य होगा।  यह निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

किराये पर लिए  जाने वाले वाहन वर्ष 2020 या उसके बाद के मॉडल और सभी कागजात होने चाहिए।

वाहन मुख्यालय पर रहने एवं  बाहर रहने पर कोई अतिरिक्त राशि देय नहीं होगा। किराये की अवधि में वाहन आबंटित अधिकारी के आधिपत्य में रहेगा। उसके मेंटेनेंस, दुर्घटना दावा एवं समस्त अन्य खर्चे वाहन मालिक वहन करेगा।  खराब होने की स्थिति में समतुल्य वाहन तत्काल उपलब्ध कराना होगा। वाहन का उपयोग अवकाश दिवसों पर भी किया जाएगा। यदि उक्त दिवसों पर वाहन उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो मासिक दर के आधार पर प्रति दिवस राशि की गणना कर कटौती की जाएगी। फर्म के द्वारा वाहन चालक के संबंध में जानकारी (आधारकार्ड, वैध ड्रायविंग लाइसेंस, अनुभव प्रमाण पत्र की प्रति) उपलब्ध करायी जाए। वाहन चालक यातायात नियमों का ज्ञान रखने वाला होना चाहिए। ड्राइवर का कम से कम 03 वर्ष अनुभव और आपराधिक / दुर्घटना प्रकरण दर्ज न हो। वाहन का लॉग बुक प्रतिदिन अनिवार्य रूप से ड्राइवर को संधारित करना होगा।

भुगतान में नियमानुसार आयकर एवं जी.एस.टी. कटेगा। ड्राइवर के समस्त व्यय (वेतन, भत्ता आदि) फर्म ही देगा। बुकिंग  अवधि में पेट्रोल/डीजल की दरें/टैक्स/जी.एस.टी. में वृद्धि होने पर बढ़े हुए दर के भुगतान का दायित्व ट्रैवल्स का होगा।


अन्य पोस्ट