रायपुर

एयरहोस्टेस का डेमो देख जब यात्री ने गेट खोला...
07-Jun-2024 8:19 PM
एयरहोस्टेस का डेमो देख जब यात्री ने गेट खोला...

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 जून। टेक आफ के पहले विमान के भीतर एयर होस्टेस यात्रा के दौरान बरती जाने वाले सुरक्षा का डेमो देती है। उसी का पालन करते हुए आज एक यात्री ने प्लेन का इमरजेंसी गेट खोलने का जोखिम मोल ले लिया। उसके बाद उस यात्री को ही डि बोर्ड कर दिया गया। यह वाकया आज रायपुर में हुआ।

रायपुर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में एक पैसेंजर ने इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 2205 की इमरजेंसी एग्जिट गेट को खोलने की कोशिश की। ये घटना उस वक्त की है, जब फ्लाइट टेक आफ करने ही वाला था। इधर पैसेंजर को एग्जिट खोलते देख क्रू मेंबर्स में हडक़ंप मच गया। आनन-फानन में क्रू मेंबर्स ने पैसेंजर को पकड़ा। फिलहाल पैसेंजर को फ्लाइट से उतार दिया गया है। हालांकि पैसेंजर के इस कृत्य से फ्लाइट काफी डिले हो गयी। खबर लिखे जाने तक फ्लाइट उड़ान नहीं भर पाया था।

जानकारी के मुताबिक रायपुर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट उड़ान के लिए तैयार थी। तय मैनुएल के मुताबिक एयर होस्टेस पैसेंजर को फ्लाइट के नियम निर्देश और सुविधाओं की जानकारी दे रही थी। एयर होस्टेस ने अपनी जानकारी में एग्जिट गेट के बारे में बताया, कि किस तरह से जरूरत के वक्त इसका इस्तेमाल किया जाता है। एयर होस्टेस ने अपनी बातों को पूरा किया ही था कि एक पैसेंजर अपनी सीट से उठकर फ्लाइट की गेट को खोलने की कोशिश करने लगा। इधर क्रू मेंबर ने जैसे ही पैसेंजर को इमरजेंसी गेट खोलते हुए देखा, हडक़ंप मच गया। आनन-फानन में क्रू मेंबर्स ने उस पैसेंजर को नीचे उतारा। जानकारी के मुताबिक पैसेंजर को अब उस फ्लाइट में नहीं जाने दिया जायेगा, सिक्युरिटी चेक के बाद बाकी के पैसेंजर को लेकर इंडिगो की फ्लाइट अब दिल्ली रवाना होगी।

एयरपोर्ट डायरेक्टर श्री शर्मा ने पुष्टि करते हुए कहा कि पेसेंजर को उतारकर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार राजिम निवासी यह यात्री सपरिवार दिल्ली जा रहा था। डेमो के दौरान उसका हाथ धोखे से इमरजेंसी गेट के बटन पर चला गया था। पूछताछ कर उसे छोड़ दिया।


अन्य पोस्ट