रायपुर

पार्टी को प्राप्त कुल सीटों का बड़ा हिस्सा साय के दायित्व वाले क्षेत्रों का रहा
06-Jun-2024 7:38 PM
पार्टी को प्राप्त कुल सीटों का बड़ा हिस्सा साय के दायित्व वाले क्षेत्रों का रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 जून। लोकसभा चुनाव के दौरान छत्तीसगढ़ तथा सीमावर्ती राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को महती जिम्मेदारी देने की भाजपा की रणनीति रंग लाई। राष्ट्रीय स्तर पर  पार्टी को हासिल कुल  सीटों में बड़ा हिस्सा उन क्षेत्रों का नजर आ रहा है, जहां पर श्री साय ने सघन रूप से प्रचार किया।

 पार्टी ने छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, ओडिशा, झारखंड, तेलंगाना, में करीब तीन महीनों तक लगातार चुनाव प्रचार किया। ये सभी आदिवासी क्षेत्र है तथा इन क्षेत्रों के मुद्दे एक जैसे है।

वे यह भी समझाने में सफल रहे कि जिस तरह एक आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाकर पीएम   नरेन्द्र मोदी ने आदिवासी हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित की है, उसी तरह सभी आदिवासी क्षेत्रों के कल्याण के लिए उनकी गारंटियों पर भरोसा किया जा सकता है। राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी ने कुल 240 सीटें हासिल की है, जबकि मध्य भारत के आदिवासी क्षेत्रों में पार्टी को 75 सीटें प्राप्त हुई है।

श्री साय ने  109 जन सभाएं और 17 रोड-शो किए। छत्तीसगढ़ में शुरूआती तीन चरणों में ही चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद श्री साय ने स्वयं को पड़ोसी राज्यों में चल रहे चुनाव प्रचार में पूरी तरह झोंक दिया। नौतपे की कड़ी धूप के दौरान भी उनका हेलीकॉप्टर लगभग हर रोज चुनावी आसमान पर उड़ान भरता रहा।

श्री साय को जिन राज्यों में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उनमें  पार्टी ने छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में क्लिन स्वीप किया है। छत्तीसगढ़ की 11 में से 10 सीटों और मध्यप्रदेश की 29 में से 29 सीटों में विजय हासिल कर पार्टी ने कांग्रेस का पूरी तरह सूपड़ा साफ कर दिया। ओडिशा में पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 24 सालों से सत्ता पर काबिज नवीन पटनायक की सरकार को दर किनार कर विधानसभा चुनाव में पहली बार सत्ता हासिल करने में कामयाबी हासिल की है। लोक सभा में पार्टी ने ओडिशा में 20 सीटें हासिल की है। झारखंड में भी पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 8 सीटें हासिल की है। तेलंगाना में इस बार भाजपा की सीटों की संख्या दोगुनी हो गई है। पार्टी ने वहां 8 सीटें प्राप्त की है। श्री साय ने इन सभी राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ अंदरूनी क्षेत्रों में भी प्रचार किया।

मध्यप्रदेश में सिंगरौली, सीधी, शहडोल, मंडला, डिंडौरी, कटनी, पन्ना, ओडिशा में झारसुगुड़ा, कोटपाड़, हटबरौंदी, उमरकोट, लक्ष्मीपुर, कोंटांगी, कोरापुट, कालाहांडी, नुआपाड़ा, बिजेपुर, सुबड़पुर, बीरमित्रपुर, सुंदरगढ़, कुचिंदा, झारखंड में पश्चिम सिंहभूम, सिमडेंगा, गुमला, जमशेदपुर, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका में श्री साय ने धुआंधार चुनाव प्रचार किया। इसी तरह तेलंगाना में उन्होंने भद्राचलम क्षेत्र में जनसभाएं और रोड-शो किए। छत्तीसगढ़ में उन्होंने सभी 11 लोकसभा सीटों में कई दौर की जनसभाएं की और रोड-शो में शामिल हुए।


अन्य पोस्ट