रायपुर

नतीजे से पहले ही भाजपा में जश्न की तैयारी
03-Jun-2024 10:29 PM
नतीजे से पहले ही भाजपा में जश्न की तैयारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 जून। आम चुनाव के नतीजे आने से पहले ही भाजपा में जश्न की तैयारी शुरू हो गई है। मतगणना शुरू होते ही लड्डू बंटना शुरू हो जाएगा। शहर में जगह-जगह रायपुर लोकसभा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल की जीत के पोस्टर लग गए हैं।

लोकसभा चुनाव के नतीजे मंगलवार को आएंगे। सुबह 8 बजे से सेजबहार इंजीनियरिंग कॉलेज में मतगणना शुरू होगी। दोपहर तक सारी तस्वीर साफ हो जाएगी और देर शाम तक नतीजे घोषित हो जाएंगे।

एग्जिट पोल के नतीजे आने के बाद भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित हैं और तीसरी बार मोदी सरकार की वापिसी तय मानकर जश्न मनाने की तैयारी शुरू कर दिए हैं। जगह-जगह लड्डू बनवाए जा रहे हैं। रायपुर शहर जिला भाजपा उपाध्यक्ष ललित जैसिंघ ने 101 किलो लड्डू के आर्डर दे दिए हैं और कहा है कि मतगणना शुरू होते ही मतगणना स्थल में लड्डू बंटना शुरू हो जाएगा।

शहर के कई जगहों पर पोस्टर लग गए हैं जिसमें रायपुर लोकसभा के प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल को जीत की बधाई दी गई है। इससे परे आज शाम कमल विहार स्थित माहेश्वरी भवन में मतगणना की तैयारियों पर चर्चा होगी। इसमें प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल के साथ महामंत्री (संगठन) पवन साय और चुनाव संचालक सुनील सोनी प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। इससे पहले अग्रवाल ने कहा बीजेपी की फसल तैयार हो चुकी है। कल कटने वाली है। यह फसल चोरी न हो इसलिए सतर्क किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट