रायपुर

22 जिलों में हीटवेव रात में भी तपिश बढ़ी
30-May-2024 6:29 PM
22 जिलों में  हीटवेव रात में भी तपिश बढ़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 मई। राजधानी सहित प्रदेश में नौतपा के 6वें दिन भी भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरूवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में बदलाव नहीं होगा। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर सहित 22 जिलों में हीट वेव का खतरा बना हुआ है।

 मौसम विभाग ने भी इन जिलों के लिए दो दिनों को यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में दिन और रात में तापमान सर्वाधिक रहेगा। बुधवार को रायगढ़ 46.7 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। रायपुर (माना) में 45.7 और बलरामपुर में 45.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

बुधवार से प्रदेश के ज्यादातर जिलों में शाम 7 बजे के बाद भी गर्म हवाएं चल रही हैं। प्रदेश में कुछ जगहों पर बादल भी छाए रहे जिससे सुबह 11 बजे के बाद गर्मी और उमस भी रही। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में रात का तापमान 31 डिग्री के पार रहा। जिससे गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। वहीं, ओवरहीट की वजह से बिलासपुर में अलायंस एयर ने फ्लाइट पर लगेज ले जाने पर रोक लगा दी है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर, सक्ती, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, राजनन्दगाँव, खैरागढ़- छुईखदान-गंडई, मोहाला मानपुर-आम्बागढ़ चौकी, रायपुर, बलोदाबाजार-भांटापारा, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा एवं कबीरधाम जिलों में एक-दो जगहों पर हीट वेव और रात का तापमान गर्म रहने की चेतावनी के साथ यलो अलर्ट जारी किया है।


अन्य पोस्ट