रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 मई। सीटू के 54 वें स्थापना दिवस पर आयोजित परिचर्चा में मोदी सरकार की मजदूर एवं जन विरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक श्रमिक वर्ग की एकता का आव्हान किया है।
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन के कार्यालय में गुरूवार को सीटू के स्थापना दिवस के रूप में राज्य कार्यालय नूरानी चौक में मनाया गया। परिचर्चा को संबोधित करते हुए कामरेड महापात्र ने कहा कि देश के ट्रेड यूनियन आंदोलन में 1970 को सीटू के निर्माण के बाद श्रमिको के शोषण के खिलाफ संघर्ष में गुणात्मक बदलाब आया। सरकार की नोटबंदी और उसके बाद जी एस टी फिर नेशनल मोनिटाइजेशन पाइप लाइन के नाम पर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, बीमा, कोयला, रक्षा, इस्पात, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ जैसे बुनियादी क्षेत्रों को भी निजी पूंजीपतियों के हवाले करने का विरोध करते हुए श्रम कानूनों को बदलकर चार श्रम संहिता बनाने के कदम को मजदूरों को गुलाम बनाने वाला करार दिया और इसे वापस लेने की मांग की।
उन्होंने कहा कि शोषण पर आधारित इस व्यवस्था और उसके वाहक भाजपा जैसी राजनीतिक ताकत को पराजित किए बिना श्रमिक वर्ग की मुक्ति संभव नहीं है ।
इस परिचर्चा के अवसर पर माकपा नेता प्रदीप गभने, जनवादी नौजवान सभा के साजिद रजा, सी जी एस पी यू के सचिव प्रदीप मिश्रा ने परिचर्चा में सीटू के विस्तार के साथ ही मोदी सरकार की साम्प्रदायिक और जनविरोधी आर्थिक नीति के खिलाफ श्रमिक संगठनों की एकता और विस्तार करने पर जोर दिया। श्रमिक नेता काम विभाष पैंटुंडी, उबैद खान, शैलेश पटेल, वैभव शर्मा, के के साहू, विष्णु जांघेल, अजय कन्नोजे, मारुति डोंगरे, मयंक लसेल सहित अनेक साथी इसमें उपस्थित थे ।