रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 मई। निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने शहर में एक्सप्रेस वे तेलीबाँधा, शंकर नगर, देवेन्द्र नगर, पंडरी क्षेत्र का निरीक्षण कर सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए। उनके साथ हीरा ग्रुप के एमडी दिनेश अग्रवाल, निगम के एसई, जोन कमिश्नर सुश्री प्रीति सिंह, ईई सर्वश्री प्रदीप यादव, राजेश राठौर, शरद कुमार ध्रुव भी थे। इस कार्य को हीरा ग्रुप के माध्यम से सीएसआर मद से शीघ्र करवाया जायेगा।
आयुक्त ने हीरा ग्रुप के माध्यम से राजधानी शहर के जीईमार्ग में आयुर्वेदिक कॉलेज विजयन्त टैंक के समीप रोड के किनारे करवाये गए सौंदर्यीकरण कार्य का प्रत्यक्ष अवलोकन कर उक्त कार्य को सराहा। आयुक्त ने एक्सप्रेस वे क्षेत्र में पौधरोपण सहित सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र करवाने कहा।
अबिनाश मिश्रा ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट तहत बन रहे तीन मंजिला शास्त्री बाजार परिसर का बुधवार को निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को प्रोजेक्ट के शेष निर्माण कार्य जून माह तक पूरा करने के निर्देंश दिए।
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत निर्माणाधीन तीन मंजिला शास्त्री बाजार परिसर में ग्राउंड फ्लोर सहित प्रत्येक तल पर 21 दुकान निर्मित की जा रही है। पूरे परिसर में कुल 84 दुकानें तैयार होंगे। परिसर के बेसमेंट पार्किंग में 70 बाइक एवं 30 कार रखने की व्यवस्था की गई है। इस बिल्डिंग की छत में सौर पैनल लगाकर सौर ऊर्जा से परिसर को रोशन करने की योजना भी रायपुर स्मार्ट सिटी लि. ने बनाई है। लगभग 9 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन यह परिसर जून अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
निरीक्षण भ्रमण के दौरान श्री मिश्रा ने प्रोजेक्ट से जुड़े तकनीकी पहलुओं से अवगत कराने के साथ ही दुकानों के आबंटन के संबंध में कलेक्टर को अवगत कराया। इस दौरान स्मार्ट सिटी के मुख्य परिचालन अधिकारी उज्जवल पोरवाल, पी.के. पंचायती, इमरान खान, जोन 3 कमिश्नर प्रीति सिंह, राकेश अवधिया, संजय अग्रवाल, योगेन्द्र साहू सहित कार्य एजेंसी की टीम उपस्थित थे।