रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 मई। ज्वेलरी शो रूम का कर्मचारी बैंक में जमा करने दिए लाखो रूपए लेकर फरार हो गया । मौदहापारा पुलिस तलाश कर रही है ।
पुलिस के मुताबिक एमएलए रेस्ट हाउस के पास शैलेन्द्र नगर निवासी मनोज ग्वालानी (44) की एम जी रोड पर आनंद होटल के पास ज्वेलरी की दुकान है। 24 मई को पूर्वान्ह मनोज ने अपने कर्मचारी अमित सिंह( 38) को बैंक में जमा करने 16 लाख रूपए नगद देकर भेजा। एक मुश्त इतनी बड़ी रकम देख अमित का इमान डोला और बैंक में जमा न कर रकम लेकर फरार हो गया।दो दिनों तक अमित की स्वयं तलाश के बाद मनोज ने कल रात थाने में धारा 406,408 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई।
उधर लूट नेवरा के सासाहोली मिशन अस्पताल के पास कल आधी रात मानस वर्मा (22) लूट का शिकार हुआ। बीएनबी स्कूल के पास रहने वाला मानस नेवरा से घर जा रहा था। बीच रास्ते योगेश व साथी ने मिलकर रास्ता रोक मानस की जेब में रखे 7000 रूपए लूटकर भाग निकले । मानस ने सोमवार शाम रिपोर्ट दर्ज कराई।