रायपुर

बीजद ने ओडिशा की मूल भावनाओं के साथ किया खिलवाड़- पुरन्दर
27-May-2024 8:08 PM
बीजद ने ओडिशा की मूल भावनाओं के साथ किया खिलवाड़- पुरन्दर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
रायपुर, 27 मई।
राजधानी रायपुर के उत्तर विधानसभा से विधायक और ओडिशा चुनाव सह प्रभारी पुरन्दर मिश्रा ने आज भद्रक लोकसभा के चांदबाली विधानसभा में भाजपा ओडिशा के प्रदेश अध्यक्ष और चांदबाली विधानसभा प्रत्याशी मनमोहन सामल के पक्ष में रोड शो कर प्रचार-प्रसार करते हुए उनके पक्ष में वोट के लिए अपील की।
 
रोड शो के दौरान विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि बीजू जनता दल और नवीन पटनायक ने ओडिशा की भोली-भाली जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया। उनके हक और अधिकार से उन्हें 25 वर्षों से दूर रखा है। यही कारण है कि आज मैं ओडिशा के सभी लोकसभा और विधानसभा में डोर-टू-डोर जा रहा हूं, वहां लोगों के मन में इस भ्रष्ट सरकार के प्रति आक्रोश है। प्राकृतिक संपदा से परिपूर्ण है, इसके बाद भी हमारा ओडिशा प्रदेश और यहां के लोग अपनी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं।
 
भाजपा की सरकार बनते ही हम हमारी माताओं बहनों को सुभद्रा योजना के तहत 2500/ प्रति माह देंगे, जिससे हमारी माताओं बहनो को नई दिशा मिलेगी, युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करेंगे, जिससे उन्हें रोजगार के लिए कहीं और भटकना न पड़े, हर गांव में अच्छी सडक़ें होंगी, जिससे आमजन को आने जाने में दिक्कत नहीं होगी। 

ओडि़शा की जनता इस बार बदलाव चाहती है और यहां लोगों को मोदी की गारंटी पर पूर्ण भरोसा है। 

इस बार हम ओडि़शा की जनता के आशीर्वाद से लोकसभा की 21 सीटों के साथ प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रहे है। इस बीच ओडिशा भाजपा के जिला, मंडल, प्रदेश के पदाधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट