रायपुर

गायत्री परिवार का बुद्ध पूर्णिमा पर गृहे गृहे यज्ञ
24-May-2024 7:23 PM
गायत्री परिवार का बुद्ध पूर्णिमा पर गृहे गृहे यज्ञ

रायपुर, 24 मई। अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुख डॉक्टर प्रणव पण्ड्या जी के आह्वान एवं मार्गदर्शन में सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय का संकल्प के साथ वैश्विक शांति, पर्यावरण संवर्धन एवं संरक्षण, वातावरण का परिशोधन, समर्थ राष्ट्र निर्माण, वैचारिक उत्कृष्टता, समाज में छाई हुई विकृतियों को नष्ट तथा सत्प्रवृतत्तियों के संवर्धन के लिये तथा भारत को समर्थ, शक्तिशाली व पुन: विश्व गुरु बनाने के उद्देश्य व संकल्प के साथ बुद्ध पूर्णिमा के दिन देश के 24 लाख घरों एवं विदेश के अनेक घरों में एक साथ गायत्री परिजनों के द्वारा यज्ञ किया गया।

गायत्री परिवार छत्तीसगढ़ की जोन समन्वयक श्रीमती आदर्श वर्मा एवं जिला समन्वयक लच्छूराम निषाद ने बताया कि उपरोक्त संकल्पों की पूर्ति हेतु सामूहिक स्तर पर यह प्रयास गायत्री परिवार द्वारा विगत 8 वर्षों से किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य में यह कार्यक्रम 23 से 26 मई तक आयोजित किया गया है। प्रदेश के 02 लाख घरों/ प्रतिष्ठानों/ सामाजिक संस्थानों/मंदिरों में यज्ञ कराने का संकल्प लिया गया है। रायपुर जिले में 11 हजार से अधिक स्थानों में यज्ञ सम्पन्न हुआ।  यज्ञ में विशेष रुप से वेदमंत्र गायत्री, महामृत्युंजय मंत्र एवं सूर्य मंत्र की आहुतियां प्रदान की गयी।


अन्य पोस्ट