रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 मई। एयरपोर्ट पार्किंग में कल दोपहर एक बार फिर टैक्सी ड्राइवरों के बीच मारपीट हो गई। माना निवासी प्रशांत विश्वकर्मा गुरूवार दोपहर एयरपोर्ट गया था। जहां टैक्सी पार्किंग को लेकर शेख समीर नाम के दूसरे टैक्सी ड्राइवर ने मना करते हुए गाली गलौज कर हाथ में चाकू लहराते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा था। किसी तरह बचकर प्रशांत थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज कराई।
माना टीआई ने बताया कि आरोपी शेख समीर को पकड़ लिया गया है। वह शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था।
एयरपोर्ट की पार्किंग में कभी टैक्सी बुकिंग एजेंसी के कर्मचारी तो कभी उबेर ओला और अन्य टैक्सी ड्राइवरों के बीच मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। कई बारगी तो ये लोग, यात्रियों के साथ भी उतारू हो जाते हैं न जाने एयरपोर्ट प्रबंधन किस डर से इन पर कार्रवाई नहीं करता या करना चाहता। एयरपोर्ट कमेटी की बैठकों में भी यह मुद्दा उठाया जाता रहा है । वहीं एयरपोर्ट सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ, और माना पुलिस भी असहाय बनी रहती है। एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील इलाके में ऐसी घटनाएं कानून व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लगाती है।
एयरपोर्ट प्रबंधन की इसी असमर्थता के चलते पूर्व कलेक्टर रहे ओपी चौधरी ने अपने कार्यकाल में एयरपोर्ट के डायरेक्टर से कहा था कि एयरपोर्ट के भीतर आपकी चलेगी और बाहर हमारी। और फिर उन्होंने इन टैक्सी ड्राइवरों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की थी।