रायपुर
रायपुर, 16 मई। मौदहापारा स्थित गुजराती स्कूल की जमीन की बिक्री को लेकर गुजराती समाज के लोगों ने बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर से गुजराती शिक्षण समिति को भंग कर पुन: कमेटी गठित करने की मांग कर दी गई है। मामले में कार्रवाई नहीं होने पर उच्च न्यायालय जाने की बात कही गई है। उधर, श्री गुजराती शिक्षण संघ रायपुर के तत्कालीन पदाधिकारियों पर पड्यंत्रपूर्वक खुद लाभ कमाने के लिए बाजार से आधे से भी कम कीमत में जमीन को बेचें जाने का आरोप लगा है। और गुजराती समाज के दर्जनभर से अधिक सदस्यों ने देवेन्द्र नगर थाने में अध्यक्ष, सचिव समेत पूर्व पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर करने शिकायत की है। मामले में जांच जारी है। देवेन्द्र नगर थाने में गुजराती समाज रायपुर के सदस्यों कीर्ति व्यास, हितेश रायचुरा, प्रफुल बारमेड़ा, नवीन पीथालिया, अल्पेश शाह, प्रवीण मेसेरी, दलपत पटेल, मंगल पटेल, हितेश व्यास, सूर्यकांत पटेल, हिम्मत पटेल, निलेश शाह, चंद्रेश शाह आदि ने शिकायत की है, वहीं जिला शिक्षा अधिकारी से संघ भंग करने की मांग मनीष टांक, हितेश रायचुरा, प्रफुल्ल बारमेड़ा, नवीन पीथालिया, भावेश कुमार कोठारी, निलेश शाह आदि ने की है। गुजराती समाज के लोगों ने जिला शिक्षा अधिकारी से कहा है कि अनुदान प्रदाय अधिनियम 1978 के प्रावधानों के तहत् श्री गुजराती शिक्षण संघ (समिति) का कृत्य विधि अनुरूप न होने पर समिति जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा भंग किया जा सकता है।