रायपुर
जनता के खिलाफ इस युद्ध को बंद करे सरकार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 मई। पीडिया मुठभेड़ और बोडग़ा गांव में दो बच्चियों की मोर्टार सेल के विस्फोट से हुई मौत को लेकर कांग्रेस की जांच दल के गठन के बाद भाकपा (माओ) ने इसे सरकार का नरसंहार कहा है । इंद्रावती एरिया कमेटी ने बुध्दिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विपक्षी दलों से इन घटनाओं की निंदा कर जनांदोलन में सहयोग करने की अपील की है।
दूसरी ओर नक्सलियों की दण्डकारण्य स्पेशल ज़ोनल कमेटी के प्रवक्ता विकल्प ने एक प्रेस नोट में सरकार पर जनवरी से अब तक दण्डकारण्य में मुठभेड़ व क्रॉस फायरिंग के नाम से 107 लोगों की हत्या करने का आरोप लगाया है। आगे कहा है कि अब तक 27 घटनाओं को फोर्स ने अंजाम देने का दावा किया है इनमें 18 घटनाएं फर्जी मुठभेड़ है। इनमें जनवरी से अब तक 40-45 ग्रामीण को मारा गया।
वार्ता के लिए दिए गए नक्सलियों के बयान पर सरकार की ओर से सीधा जवाब नहीं देने का आरोप लगाया। कमेटी ने तमाम संगठनों से वार्ता के लिए अनुकूल वातावरण निर्मित करने सरकार पर दबाव बनाने अपील की गई।