रायपुर
तीन साल पहले बने नियमों की अनदेखी कर कहा प्रशासन
किसी भी जिम में नहीं है प्रशिक्षित ट्रेनर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 मई। करीब डेढ़ दो वर्ष बाद एक बार फिर जिम में एक नाबालिग की मौत हो गई। पुलिस मर्ग दर्ज कर जिम संचालक को थाने बुलाकर पूछताछ कर रही है ।
मिली जानकारी के अनुसार धनलक्ष्मी नगर भनपुरी निवासी सत्यम रंगडाले( 17) रोज की तरह बुधवार सुबह स्पेस जिम, कसरत (वर्कआउट)के लिए गया था। जहां ट्रेडमिल में वॉकिंग रनिंग के बाद नीचे उतरते ही उसे चक्कर आया और वहीं बेहोश हो गया। जिम के स्टाफ और अन्य ने उसे तत्काल पास के अस्पताल ले गए। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया ।इसकी सूचना जिम स्टाफ और पुलिस ने उसके परिजनों को दी। टीआई खमतराई के मुताबिक मौत का कारण पीएम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा।
नियमों को ठेंगा: यहां बता दें कि करीब तीन वर्ष पूर्व कबीर नगर इलाके में एक जिम में एक युवक की मौत हो गई थी। यह युवक, सीएसईबी कर्मी परिवार का था। इसकी मौत ,ट्रेनर द्वारा दिए गए हेल्थ ड्रिंक की वजह से हुई थी। इस पर मचे बवाल के बाद पूर्व वर्ती बघेल सरकार ने जिम संचालन और ट्रेनिंग को लेकर नियम बनाए थे। उसके मुताबिक कार्रवाई का अधिकार खेल युवा और पुलिस विभाग को जिम की जांच आदि की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन उस घटना के बाद से अब तक किसी भी जिम की न तो जांच हुई न कार्रवाई । शहर के कई इलाकों में ऐसे जिम खुल गए हैं। जो मोटी फीस लेकर युवक युवतियों को स्वयं ही वर्जिश के लिए छोड़ देते हैं। इनमें कोई ट्रेनर, स्वयं भी प्रशिक्षित नहीं होते। वहां के केयर लेकर यानी रखवाली या उपकरणों के टेक्निकल मेंटेनेंस करने वाले ही ट्रेनर की भूमिका निभा रहे है। इसके चलते ऐसी घटनाएं होती हैं। नाबालिग बच्चे फूली हुई बॉडी बनाने के चक्कर में जिम ज्वाइन करते हैं । और ये अप्रशिक्षित ट्रेनर हेल्थ ड्रिंक या उपयोग कराते हैं। कबीर नगर के युवक की भी मौत ऐसे ही हेल्थ ड्रिंक से हुई थी।
ट्रेड मिल का उपयोग ऐसे करें
धीरे-धीरे शुरू करें और धीरे-धीरे अपने वर्कआउट की तीव्रता और अवधि बढ़ाएं। अपने शरीर की सुनें और ज़रूरत पडऩे पर ब्रेक लें। अत्यधिक गर्मी या उमस में व्यायाम करने से बचें। खूब सारे तरल पदार्थ पीकर हाइड्रेटेड रहें। बता दें कि गहन व्यायाम से कभी-कभी रक्तचाप में वृद्धि हो सकती है जिससे दिल का दौरा पड़ सकता है। यदि आप पहले से ही उच्च रक्तचाप से पीडि़त हैं, तो यह जोखिम और भी अधिक है। उच्च रक्तचाप धमनियों और हृदय प्रणाली के अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे दिल का दौरा और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है।