रायपुर
जिम्मेदारी नहीं संभाल सकते, तो पद पर बने रहने का अधिकार नहीं-साव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 मई। पांच वर्ष पहले जिस वादे के साथ महापौर बने एजाज ढेबर ने कल एक अजीबोगरीब बयान दिया। शहर की समस्याओं को लेकर पार्षदों की शिकायतों पर मीडिया से चर्चा में कहा कि वार्डो की समस्या पीएम को भी बैठा देंगे तो भी रहेंगी।पानी ,साफ सफाई और लाइट की समस्या अनवरत रहेगी।नगर निगम में समस्या खत्म हो जाएगी तो डिपार्टमेंट ही खत्म हो जाएगा।
इस पर पलटवार करते हुए भाजपा नेता अमित चिमनानी ने सलाह दी है कि देखो महापौर जी ,समस्या बनी रहेगा तो आपका काम क्या है फिर? मोदी राज में देश चमक रहा है लेकिन रायपुर में आप लाइट, सफाई की समस्या पर हाथ खड़े कर रहे हैं, यह बयान रायपुर की जनता से हुए धोखे का प्रमाण है पीएम साहब के आशीर्वाद भाजपा का महापौर इस समस्या से जनता को निजात जरूर दिलाएगा। इस बयान पर एक चैनल डिबेट में महापौर ने मुझे जानने से इंकार कर दिया, न मै कोई शराब कारोबारी हूं, न बड़ा बिल्डर, आप मुझे क्यो जानोगे? सामान्य आदमी हूं,सामान्य आदमी और उसकी समस्या को जाना होता तो समस्या बनी रहेगी ये बयान नहीं देना पड़ता।
पांच वर्षों तक इसी तरह जनता से अन्याय करते रहे
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने बुधवार को रायपुर महापौर एजाज ढेबर के बयान पर सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि, रायपुर के निर्वाचित महापौर ने पांच साल तक जनता के साथ अन्याय किया है, जो बयान उनका निगम के कार्यों को लेकर आया है इससे स्पष्ट है वो 4.5 वर्ष से इसी नकारात्मकता से काम करते थे हैं, और इसीलिए राजधानी की जनता ठगा महसूस करती रही है। इस प्रकार से एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि का बयान अत्यंत दुर्भाग्यजनक है। वो जिम्मेदारी नहीं संभाल पा रहे हैं तो उन्हें उस पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। बता दें कि महापौर ने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी जी भी आएंगे तो नगर निगम रायपुर की समस्या का समाधान नहीं कर पाएंगे।
वहीं पीडब्ल्यूडी के दो ईई के वेतन रोकने की कार्यवाही पर डिप्टी सीएम ने कहा कि, जहां पर भी गड़बड़ी मिलेगी, कड़ी कार्यवाही की जाएगी। प्रशासनिक व्यवस्था और अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना सभी को आवश्यक है।