रायपुर

गैस एजेंसी दिलाने सात महीने में महिला से दो करोड़ ठगे
15-May-2024 7:27 PM
गैस एजेंसी दिलाने सात महीने में महिला से दो करोड़ ठगे

गुगल मैप में टास्क देकर 9.66 लाख की वसूली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 मई। पार्टनरशिप में  घरेलू गैस की डिस्ट्रीब्यूशन एजेंसी दिलाने के नाम पर महिला से 2 करोड़ कि ठगी हो गई। यह रकम सात महीने में वसूली गई।

 विधानसभा रोड स्थित सफायर ग्रीन  निवासी श्रीमती सोनल सिंह जिंदल (35) इस ठगी का शिकार हुई। रतन मिश्रा और अन्य ने अपनी साझेदारी में गैस एजेंसी लेने का आफर दिया था। इसके लिए  सुरक्षा निधि आदि पर खर्च होने वाली राशि के रूप में 2.11 करोड़ रूपए सोनल से लिए।

यह रकम सोनल ने 15अक्टूबर 21 से 19अप्रैल 22 के बीच लिए। सोनल ने यह रकम 10 किस्त में नगद और ऑनलाइन ट्रांसफर किया था। पुलिस के मुताबिक रतन ने सोनल को पोस्ट डेटेड ब्लैंक चेक दिए थे कि एजेंसी न मिलने पर क्लेम कर राशि वापस ले लें।  उस दिनों तक रतन पैसे का ब्याज रिटर्न करता रहा, फिर अचानक देना बंद कर दिया। इस पर सोनल ने रतन के ब्लैंक चैक पेमेंट के लिए लगाए। लेकिन तब तक वह अपना खाता बंद कर चुका था। उसके बाद से न तो एजेंसी का पता न रतन  रकम वापस कर रहा। इस पर सोनल ने कल रात खम्हारडीह थाने में रतन और उसके साथियों पर 420, 406,34 का मामला दर्ज कराया।

इधर गूगल मैप पर टास्क पूरा करने के नाम पर 9.66 लाख ठग लिए गए । कबीर नगर इलाके के दीनदयाल आवासीय परिसर निवासी सत्यानंद शर्मा (40) को 5 मई की शाम एक वाट्सअप कॉल आया। 6235814369 के कॉलर ने सत्यानंद को एक टास्क देकर ज्यादा मुनाफे का झांसा दिया । उसने वाट्सएप पर गूगल मैप भेजा और स्टार रेटिंग देने कहा ।

सत्यानंद को एक के बाद एक टास्क देता रहा और अपने बताए खाते में पांच बार में 9.66 लाख रूपए ट्रांसफर करा लिया। शर्मा ने कल शाम कबीर नगर थाने में धारा 420, 66 डी के  तहत मामला दर्ज कराया।


अन्य पोस्ट