रायपुर

दुर्गा विहार के नाम से डूंडा में अवैध प्लाटिंग पर रोक, नीव तोड़ रास्ते में निगम ने गड्ढा खोदा
15-May-2024 3:51 PM
दुर्गा विहार के नाम से डूंडा में अवैध प्लाटिंग पर रोक, नीव तोड़ रास्ते में निगम ने गड्ढा खोदा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 मई। निगम मुख्यालय और  जोन 10 की नगर निवेश विभाग की टीम ने वार्ड कमांक 54 के तहत बोरियाखुर्द से लगकर दुर्गा विहार डूंडा में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लगभग 5 एकड़ निजी भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर कार्यवाही की।

तोड़ू दस्ते ने थ्रीडी से अवैध प्लाटिंगकर्ता द्वारा बनायी गयी  मुरूम रोड को थकाटा गया। प्लाटिंग के लिए की गई सभी प्लाटों की डीपीसी को हटाया और बनाए गए नींव को भा तोड़ा । वहां पहुंचने का मार्ग बाधित किया गया। वहां स्थित निर्माणाधीन भवनों के अवैध विद्युत कनेक्शनों को विद्युत पावर कंपनी के अमले के द्वारा  काट दिया गया।

जोन कमिश्नर ने बताया कि  कलेक्टर, निगम आयुक्त के निर्देशानुसार  रायपुर तहसीलदार को पत्र लिखकर निजी भूमि के भूमि स्वामियों की जानकारी शीघ्र मांगी गई है। जानकारी आते ही शासन के अधिनियम के प्रावधान के अनुसार अवैध प्लाटिंगकर्ताओं के विरूद्ध संबंधित पुलिस थाना में नियमानुसार कड़ी कार्यवाही करने नामजद एफआईआर दर्ज करवायी जायेगी।

कलेक्टर के कड़े निर्देश

इससे पहले मंगलवार को कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने  जिले के समस्त राजस्व अमला एवं नगर निगम के  जोन कमिश्नरों की  संयुक्त बैठक लेकर अवैध प्लॉटिंग रोकने के संबंध में निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ सिंह ने कहा कि नगर पालिका  एवं पंचायती राज अधिनियम के तहत नगर निगम क्षेत्र में संबंधित नगर निगम आयुक्त, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत में संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अवैध कालोनी विकास निर्माण (अवैध प्लाटिंग) रोकने के लिए सक्षम प्राधिकारी जिनके अनुमति के बिना भूखंडों को टुकड़ों में विक्रय करना या करने के प्रयास को रोकें।

ऐसा किए जाने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था को प्रकरण दर्ज कर नोटिस दें। साथ ही मौके में जाकर अवैध निर्माण के संबंध में स्थल पंचनामा एवं फोटोग्राफ लें, साथ ही पटवारी प्रतिवेदन भी लिया जाए। उन्होंने कहा कि अवैध कालोनी के निर्माण की संरचना को नष्ट कर यदि मामला गंभीर प्रकृति का पाया जाता है ।

 

 

तब एफआईआर भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं निगम के प्रत्येक कर्मचारी एवं अधिकारी संबंधित क्षेत्र पर नजर रखें। जहां पर भी अतिक्रमण या अवैध प्लॉटिंग होता दिखे उसे प्रारंभिक मे ही रोक लिया जाए। डॉ सिंह ने कहा कि लंबित प्रकरणों को समय पर निपटारा करें।

किसान किताब, खसरा, रकबा, किसान मोबाईल नंबरों का डिजिटल अपडेशन कार्य को शत-प्रतिशत् पूर्ण करें। नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने कहा कि निगम क्षेत्र में सभी सीएमओ अपने अपने क्षेत्र के सफाई व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था का सुचारू रूप से निगरानी करें। आने वाले एक से डेढ़ महीने तक पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करलें, ताकि जनता को किसी प्रकार की समस्या ना हो। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, किर्तीमान राठौर, श्रीमती निधि साहू समस्त संयुक्त कलेक्टर, समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ,समस्त नायब-तहसीलदार, तहसीलदार, समस्त जोन कमिश्नर उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट