रायपुर

रायपुर भी घाटकोपर के खतरे की जद में
14-May-2024 7:19 PM
रायपुर भी घाटकोपर के खतरे की जद में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 मई। नगर निगम सीमा क्षेत्र में अवैध, और खतरनाक होर्डिंग्स की बाढ़ आ गई है। आंधी-तूफान में होर्डिंग्स के गिरने से हादसे का खतरा पैदा हो गया है। हाल यह है कि अब तक नगर निगम अमले ने होर्डिंग्स का स्ट्रक्चर ऑडिट नहीं कराया, और इस वजह से खतरनाक होर्डिंग को हटाने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। न ही होर्डिंग नीति के अनुसार इनके आकार और स्थलों का चयन कर लगाने की अनुमति दी जाती है।

मुम्बई में होर्डिंग्स गिरने से दर्जन भर से अधिक लोगों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद से बाकी शहरों में भी होर्डिंग्स की वजह से हादसे का खतरा मंडरा रहा है। रायपुर में भी देवेन्द्र नगर, फाफाडीह, तेलघानी नाका, पुरानी बस्ती, और मालवीय रोड सहित अन्य जगहों पर होर्डिंग्स लगे हुए हैं। इनमें से दर्जनों अवैध हैं। उन्हें लगाने के लिए निगम और जिला प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई है। एडवाटाइजमेंट एजेंसी के सदस्यों ने भी पूर्व में कई दफे निगम प्रशासन से इस बारे में शिकायतें की, लेकिन कार्रवाई अब तक सिफर है। इसके पहले भी बारिश के समय इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। इन विशाल होर्डिंग के गिरने से मौतों के अलावा बिजली, टेलीफोन के खंभो के क्षतिग्रस्त होने से इनकी सेवाएं कई दिनों तक ठप्प रहती हैं। इनमें से कई होर्डिंग्स तो शहर के बीच बने सभी फ्लाई ओवर के या तो बीच में या मुहाने पर लगाए गए हैं, जो ऐसे आंधी बारिश के समय गंभीर दुर्घटना का कारण बनेंगे।

आधी-तूफान में होर्डिंग्स के गिरने की घटनाएं आम है। और कई बार बिजली के तारों में उलझने से गंभीर हादसे का खतरा भी रहता है। निगम का अमला तो कार्रवाई जरूर कर रहा है लेकिन अवैध रूप से होर्डिंग्स को हटाने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। यही नहीं, होर्डिंग्स के लिए स्ट्रक्चरल ऑडिट भी समय-समय पर होना चाहिए वह भी नहीं हो पा रहा है।

विशेषकर जून महीने में होर्डिंग्स गिरने की घटनाएं ज्यादा होती है। मगर नगर निगम इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।


अन्य पोस्ट