रायपुर

छ: माह की तनख्वाह मांगा तो पत्थर पटककर जानलेवा हमला
14-May-2024 2:23 PM
छ: माह की तनख्वाह मांगा तो पत्थर पटककर जानलेवा हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 मई। छह माह का बकाया वेतन मांगने वाले कर्मचारी की नियोक्ता ने पत्थर पटक कर जान लेने की कोशिश की। आरोपी नियोक्ता फरार हो गया है ।

मिली जानकारी के अनुसार आशुतोष पांडे व उसके एक दो साथी सतबीर केटरर के यहां वेटर, सरवर का काम करते थे। इन लोगों ने छ माह पहले काम छोडक़र दूसरे कैटरर के यहां काम करने लगे। कल शाम आशुतोष अपने साथी के साथ माना कैंप स्थित ज्योति पेट्रोल पंप में पेट्रोल डलवाने गए थे। वहां सतबीर, अपने अन्य कर्मी के साथ पहुंचा था। उसे देख आशुतोष व साथी ने अपनी छमाह का बकाया वेतन मांगा। इस पर सतबीर ने गाली गलौज कर उनसे मारपीट की और जान लेने की कोशिश करते हुए पास पड़ा एक बड़ा पत्थर उठाकर आशुतोष पर दे मारा। आशुतोष ने अपना बचाव किया जिससे पत्थर उसके पैर में जा गिरा और पैर टूट गया। आशुतोष व साथी ने रात माना थाने में सतबीर व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 294,506,323,336,34 का मामला दर्ज कर लिया है।

टिकरापारा इलाके के संतोषी नगर में उधारी लेनदेन को लेकर नवीन सोनी ने कल दोपहर  टीकमदास मानिकपुरी (32) के साथ गाली गलौज मारपीट कर जान लेने के इरादे से हॉकी स्टिक से पिटाई की। किसी तरह जान बचाकर भागे टीकम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई । डीडी नगर निवासी दिनेश जैन ने अपनी पत्नी चंदाकुमारी जैन (35) के साथ नशे में मारपीट कर चोट पहुंचाया । चंदा ने इसकी रिपोर्ट कबीर नगर थाने में दर्ज कराई।

गोबरा नवापारा के कुरा गांव के सतनामी पारा निवासी रामकली व तीन अन्य ने दिलीप जांगड़े के साथ बकाया लेनदेन को लेकर मारपीट की । दिलीप पर ईंट खरीदी का पैसा बकाया था । इसे लेकर हुए विवाद गाली गलौज कर ईंट का टुकड़ा दे मारा। दिलीप की पत्नी कीर्ति (25) ने रिपोर्ट दर्ज कराई। नवापारा के डेरापारा में बीती आधी रात  शिवा देवांगन और उसके चचेरे भाई घूम रहे थे। इस पर मोहल्ले के धर्मेंद्र ध्रुव और उसके साथियों ने इस पर आपत्ति करते हुए मारपीट की। शिवा ने रिपोर्ट कराया।


अन्य पोस्ट